'क्षेत्रवाद व गुटबाजी को नहीं दी जगह', वीरभद्र सिंह को याद कर बोलीं प्रतिभा सिंह; कांग्रेस हाईकमान से कर दी ये मांग
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्होंने हमेशा संगठन के लिए काम किया है और आगे भी करती रहेंगी। उन्होंने वीरभद्र सिंह के मार्गदर्शन का उल्लेख किया और कार्यकर्ताओं के सम्मान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजबूत स्थिति में है और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा। प्रतिभा सिंह ने जल्द पीसीसी गठन की उम्मीद जताई है।

राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन के लिए उन्होंने पूर्व में भी बहुत मजबूती के साथ काम किया है और आगे भी करती रहेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष के अपने तीन साल के कार्यकाल पूरा होने व मीडिया में नए प्रदेश अध्यक्ष की खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में संगठन की बागडोर किसे सौंपनी है यह पार्टी हाइकमान के अधिकार क्षेत्र में है।
उन्होंने अपने इस कार्यकाल का सफलतापूर्वक निष्पादन किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों के बाद बनी है और उनका हर स्तर पर सम्मान किया जाना चाहिए।
प्रदेश में कांग्रेस बहुत मजबूत स्थिति में- प्रतिभा सिंह
प्रेस को जारी बयान में प्रतिभा सिंह ने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह ने अपने कार्यकाल में प्रदेश में कभी भी न तो किसी क्षेत्रवाद को कोई जगह दी और न ही कोई गुटबाजी को कोई जगह। उन्होंने कहा कि आज उन्हें लगता है कि हम कहीं न कहीं उनके उस पथ से भटक रहे है।
उन्होंने कहा कि समय रहते हमें पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए किसी भी राजनीति से ऊपर उठ कर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस बहुत ही मजबूत स्थिति में है। लोगों को कांग्रेस सरकार से बहुत ही उम्मीदें है और उन उम्मीदो पर हमें खरा उतरना होगा।
लोग आज भी वीरभद्र सिंह के कामकाज को करते हैं याद
प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोग आज भी प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के कामकाज को याद करते है। उन्होंने प्रदेश के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि हमेशा ही होलीलॉज वीरभद्र सिंह के दिखाए रास्ते का अनुसरण करते हुए प्रदेश के लोगों का दुखदर्द बांटने व इसे दूर करने के पथ पर चलता रहेगा।
उन्होंने कहा कि वह किसी भी पद की लालसा नही रखती पर हाइकमान ने आजतक जो भी जिम्मेदारी उन्हें दी उससे वह कभी पीछे नहीं हटी। आगे भी जो जिम्मेबारी उन्हें पार्टी हाई कमान देगा उसे वह पूर्व की भांति पूरी निष्ठा व ईमानदारी से पूरा करेंगी।
उन्होंने उम्मीद जताई है कि पार्टी हाइकमान जल्द ही पीसीसी का गठन कर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को लेकर मीडिया में हो रही चर्चाओं पर विराम लगाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा था रबर स्टांप न बने अध्यक्ष
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के इस बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई है। इससे पहले बीते रोज उनके बेटे व राज्य लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा था कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष किसी रबड़ स्टांप नेता को नहीं बनाया जाना चाहिए। ऐसे नेता को अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए जिसका तीन से चार जिलों में जनाधार हो।
पीसीसी गठन का मामला कई बार उठा चुकी है प्रतिभा
नवंबर 2024 से प्रदेश में कांग्रेस कमेटी सहित जिला व ब्लॉक कमेटियां भंग है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व प्रदेश अध्यक्ष की ओर से पार्टी हाइकमान को पुरानी कार्यकारिणी भंग कर नई कमेटी गठित करने का मामला उठाया था। हाइकमान ने पुरानी कार्यकारिणी तो भंग की लेकिन अभी तक नई कमेटी गठित नहीं की है।
प्रतिभा सिंह अकेले ही संगठन को चला रही है। वह दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेताओं से मिलकर कमेटी को जल्द गठित करने, युवाओं को मौका देने व पार्टी के ऐसे कार्यकर्ता जिन्होंने चुनाव जीताने में अहम भूमिका निभाई उन्हें स्थान देने की पैरवी कर चुकी है।
उन्होंने हाईकमान से यह भी मसला उठाया था कि जब तक पीसीसी नहीं बन जाती तब तक संगठन महासचिव व प्रवक्ताओं की नियुक्ति की जाए ताकि संगठन की गतिविधियों को चलाया जा सके।
ये भी पढ़ें- Himachal Politics: कांग्रेस कमेटी के गठन और अध्यक्ष की नियुक्ति की तैयारी तेज, शिमला आएंगे अजय माकन और रजनी पाटिल
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।