Himachal Day 2024: हिमाचल दिवस की परेड की तैयारियां पूरी, पुलिस ने की फुल ड्रेस रिहर्सल, इस बार 14 टुकड़ियां लेंगी भाग
Himachal Day 2024 हिमाचल दिवस की जोरों-शोरों से तैयारियां जारी हैं। पुलिस ने फुल ड्रेस में रिहर्सल की। पुलिस और होम गार्ड बैंड सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम खासे आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आचार संहिता के कारण इस बार दूसरे राज्यों की टुकड़ियां परेड में हिस्सा नहीं लेंगी। परेड की रिहर्सल की यादें सैलानियों ने अपने मोबाइल फोन में कैद भी कीं।
जागरण संवाददाता, शिमला। राजधानी शिमला के रिज मैदान पर 15 अप्रैल को हिमाचल दिवस (Himachal Day 2024) का राज्यस्तरीय कार्यक्रम मनाया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल बतौर मुख्यातिथि भाग लेंगे।
हिमाचल दिवस की परेड के लिए पुलिस तैयारी में जुटी है। शनिवार को रिज मैदान पर पुलिस ने फुल ड्रेस परेड रिहर्सल की। इस दौरान पुलिस की अलग-अलग टुकड़ियों ने अभ्यास किया। इस बार पुलिस, होमगार्ड, एनएसएस सहित कुल 14 टुकड़ियां परेड में शामिल होंगी।
दूसरे राज्यों की टुकड़ियां परेड में नहीं लेंगी हिस्सा
पुलिस और होम गार्ड बैंड सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम खासे आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आचार संहिता के कारण इस बार दूसरे राज्यों की टुकड़ियां परेड में हिस्सा नहीं लेंगी। पुलिस परेड के अलावा हिमाचल के अलग-अलग जिलों के सांस्कृतिक दल भी कार्यक्रम में संस्कृति की झलक दिखाएंगे। रिज मैदान पर चल रही पुलिस जवानों की परेड सैलानियों के लिए आकर्षण बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: Himachal Tourism News: चैत्र नवरात्र और छुट्टियों से लौटी पर्यटन स्थलों पर रौनक, पहुंच रहे विदेशी पर्यटक
सैलानियों ने मोबाइल फोन में कैद कीं रिहर्सल की यादें
परेड की रिहर्सल की यादें सैलानियों ने अपने मोबाइल फोन में कैद भी कीं। इसके अलावा पुलिस जवानों के साथ सेल्फी लेने का दौर भी रिज मैदान पर चला।
सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि हिमाचल दिवस के राज्यस्तरीय कार्यक्रम को लेकर रिज मैदान में परेड की रिहर्सल चल रही है। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि शहर में कानून एवं व्यवस्था को बना रखने में शिमला पुलिस का साथ दे।
यह भी पढ़ें: Himachal Politics: माता-पिता के बाद अब बेटा संभालेगा मंडी की कर्मभूमि, पहले चुनाव में पिता को मिली थी जीत; मां को हार