Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'हिमाचल सबका, किसी की जागीर नहीं', सुक्खू सरकार पर बरसे जयराम ठाकुर, बोले- सीएम और उनके मंत्री संवेदनहीन

    By Jagran NewsEdited By: Rajat Mourya
    Updated: Tue, 20 Jun 2023 03:43 PM (IST)

    हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने एक बार फिर सुक्खू सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि सीएम सुक्खू और उनके मंत्री ...और पढ़ें

    Hero Image
    सुक्खू सरकार पर बरसे जयराम ठाकुर, बोले- सीएम और उनके मंत्री संवेदनहीन

    मंडी, जागरण संवाददाता। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि शिमला में सिरमौर के एक टैक्सी चालक की पिटाई की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। सुक्खू सरकार के एक मंत्री ने आग में घी डालने का काम किया है। हिमाचल सबका है। किसी की जागीर नहीं है। सबको काम करने का हक है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक करीब एक माह की छुट्टी पर हैं। सरकार ने किसी अन्य अधिकारी को जिम्मेदारी नहीं सौंपी है। इससे पुलिस प्रशासन रामभरोसे हो गया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।

    'विपक्ष का काम आम लोगों की आवाज उठाना है'

    बता दें कि जयराम ठाकुर मंगलवार को पंडोह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चंबा के मनोहर लाल हत्याकांड में भाजपा कोई राजनीति नहीं कर रही है। आम लोगों की आवाज उठाना विपक्ष का काम है। कांग्रेस को वनरक्षक होशियार सिंह व शिमला का दुष्कर्म का मामला भी मनोहर लाल मामले जैसा छोटा लगता था। विधानसभा चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जो बयान दिया था उससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हुए हैं।

    'विकास कार्य ठप हैं, युवा रोजगार को तरस रहे हैं'

    नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हिमाचल में अराजकता की स्थिति बनती जा रही है। विकास कार्य ठप हैं। युवा रोजगार को तरस रहे हैं। सरकार ने पूरी तरह हाथ खडे़ कर दिए हैं। बकौल जयराम ठाकुर, केंद्र की मोदी सरकार का नौ वर्ष का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है। कांग्रेस के समय में भ्रष्टाचार का बोलबाला था। देश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। नौ वर्षों में देश शक्तिशाली राष्ट्र बनकर उभरा है।

    जयराम ठाकुर ने गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां

    जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय योजना का शत प्रतिशत पैसा सीधा लोगों के बैंक खातों में आ रहा है। 'जलशक्ति मिशन' व 'उज्ज्वला योजना' से आम लोगों खासकर महिलाओं की मुश्किल कम हुई है। हिमाचल को अटल टनल, एम्स, बल्क ड्रग पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क व फोरलेन जैसी कई बड़ी सौगात मिली है। फोरलेन से कनेक्टिविटी आसान हुई है।

    उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में देश की जनता दोबारा मोदी को प्रधानमंत्री बनाएगी। भाजपा 2014, 2019 की तरह 2024 के चुनाव में प्रदेश की चारों सीटों पर अपना कब्जा करेगी।

    ये भी पढ़ें- Hamirpur News: मिनी सचिवालय परिसर से चलेगा सुजानपुर का तहसील कार्यालय, यहीं से होंगे राजस्‍व संबंधी कार्य