हिमाचल जाना सेफ नहीं... 169 सड़कें बंद और हाईवे भी जाम, आज कई जिलों में फिर तबाही ला सकती है बारिश
Himachal Disaster कुल्लू जिले के आनी विकास खंड में एक दुखद घटना घटी जहां पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से माँ और बेटे की मौत हो गई। यह हादसा पुनण खड्ड के पास हुआ। रवीना जो पंचायत सदस्य भी थीं अपने बेटे के साथ घर जा रही थीं तभी यह दुर्घटना हुई।

जागरण टीम, शिमला/आनी। Himachal Flood: कुल्लू जिले के आनी विकास खंड की बखनाओं पंचायत में पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से मां और बेटे की मौत हो गई। हादसा पुनण खड्ड के पास हुआ।
रवीना पत्नी विपन कुमार 14 वर्षीय बेटे सुजल के साथ वीरवार शाम करीब चार बजे टैक्सी से उतरने के बाद पैदल घर की पगडंडी पर चल रही कि घर से 50 मीटर की दूरी पर दोनों हादसे का शिकार हो गए। रवीना पंचायत के काथला वार्ड की सदस्य थीं।
50 हजार रुपये की राहत
बखनाओं पंचायत के प्रधान अमित कुमार ने बताया कि रवीना पंचायत की सक्रिय महिला प्रतिनिधि थीं। एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनेट ने बताया कि प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 50,000 रुपये की राशि दी गई है।
बुधवार रात और वीरवार को सिरमौर, मंडी, कांगड़ा व शिमला में कई स्थानों पर वर्षा हुई। सिरमौर जिले में वीरवार को काफी वर्षा हुई। इससे नाहन-श्रीरेणुकाजी मार्ग पर भारी वर्षा से सड़क पर मलबा आ गया।
हाईवे सहित 170 सड़कें बंद
इसमें वाहन फंस गया। प्रदेश में सिरमौर में पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा राष्ट्रीय राजमार्ग और 169 सड़कें बंद हैं। मंडी जिले में सबसे अधिक 121 सड़कें बंद हैं। प्रदेश में 73 ट्रांसफार्मर बंद हैं। मंडी में 39 व कुल्लू में 28 ट्रांसफार्मर बंद हैं। प्रदेश में 64 पेयजल योजनाएं बंद हैं।
मौसम विभाग ने 18 जुलाई को कांगड़ा, मंडी व कुल्लू जिले में भारी वर्षा की संभावना जताई है। किन्नौर, लाहुल स्पीति और चंबा में बाढ़ की संभावना है। मौसम विभाग ने 21, 22 व 23 जुलाई तक भारी वर्षा की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहकर नदी और नालों से दूर रहने की अपील की है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।