Constable Paper Leak 2022: तीन से पांच लाख रुपये में बेचे गए थे प्रश्नपत्र, 1.25 करोड़ का लेन-देन हुआ; CBI की चार्जशीट में खुलासा
हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2022 के प्रश्नपत्र लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) ने 88 आरोपितों के विरुद्ध दो आरोपपत्र दायर किए हैं। शिमला की अदालत के समक्ष सोमवार को आरोपपत्र दायर किए गए। जांच में सामने आया है कि प्रश्नपत्र तीन से पांच लाख रुपये में बेचे गए थे। आरोपितों के बैंक खातों से 1.25 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2022 के प्रश्नपत्र लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) ने 88 आरोपितों के विरुद्ध दो आरोपपत्र दायर किए हैं। शिमला की अदालत के समक्ष सोमवार को आरोपपत्र दायर किए गए।
जांच में सामने आया है कि प्रश्नपत्र तीन से पांच लाख रुपये में बेचे गए थे। आरोपितों के बैंक खातों से 1.25 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ। इसके अतिरिक्त जांच के दौरान रिकार्ड में चूक व लापरवाही के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस के तत्कालीन अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की सिफारिश भी गई।
इन राज्यों से जुड़ें है तार
सीबीआइ जांच और आरोपपत्रों के अनुसार दो आरोपितों (बिहार निवासी) ने अन्य के साथ मिलकर प्रश्नपत्र को चुराने व दुरुपयोग करने की साजिश रची। आरोपितों के बैंक खातों में 1.25 करोड़ रुपये स्थानांतरित किए गए। मामले में छह राज्यों बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल, उत्तराखंड, दिल्ली व हरियाणा स्थित संगठित समूहों की सांठगांठ का पता चला है।
बिचौलियों के माध्यम से मंडी, कांगड़ा, चंडीगढ़, पंचकूला, जीरकपुर व मोहाली आदि में तीन से पांच लाख रुपये में अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र दिए गए। सीबीआइ ने पुलिस थाना गगल की एफआइआर और पुलिस थाना सीआइडी शिमला की एफआइआर के तहत जांच हाथ में ली थी।
जांच के दौरान भारतीय रेलवे व हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग से संबंधित तत्कालीन लोक सेवकों की भूमिका, हिमाचल के जेई और जेओए (बिजली बोर्ड), चंडीगढ़ पुलिस के तत्कालीन कांस्टेबल, दिल्ली सरकार के तत्कालीन अधिकारी, एक पूर्व सैनिक और तत्कालीन रक्षा लेखा और अधिकारी की भूमिका सामने आई है।
मामले में संलिप्त संस्थाओं के नाम भेजे जाएंगे
एनटीए को जांच में यह भी पाया गया कि नालंदा (बिहार), कांगड़ा (हिमाचल), रोहतक (हरियाणा), दिल्ली और जम्मू में विभिन्न निजी संस्थान चलाने वाले लोगों ने मिलीभगत की। उनके विरुद्ध आरोपपत्र दाखिल किया गया।
उचित कार्रवाई के लिए संस्थानों के नाम एनटीए (राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी) को भेजे जा रहे हैं, क्योंकि जांच के दौरान उनकी भूमिका भी रिकार्ड में आई है।क्या था मामलाहिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए 27 मार्च, 2022 को लिखित परीक्षा करवाई गई।
इस संबंध में जब चार मई को धर्मशाला में प्रमाणपत्र जांच के लिए तीन अभ्यर्थी मुनीष कुमार, मनी चौधरी और गौरव आए तो उनसे प्रदेश के मुख्यमंत्री का नाम पूछा गया। उन्हें इसका पता नहीं था। इसके बाद जांच में कई अहम जानकारियां मिलीं।
अलग-अलग स्थानों पर पेपर रटाए जाने और लीक होने का पता चला। पेपर लीक मामले में शुरुआत में पकड़े तीन आरोपित युवकों में से दो को लिखित परीक्षा से एक दिन पहले 26 मार्च को गगल में टाइप्ड पेपर में प्रश्न और उत्तर रटाए गए थे।
दोनों युवकों के दसवीं कक्षा में 50 प्रतिशत से कम नंबर थे, लेकिन कांस्टेबल लिखित परीक्षा में इनके 90 प्रतिशत से अधिक नंबर आए। जांच में पता चला कि प्रदेश के चंडीगढ़ और अलग-अलग स्थानों पर बिचौलियों के माध्यम से उत्तरों को रटाया गया।
टाइमलाइन
27-03-2022 को 1334 पदों के लिए कांस्टेबल लिखित परीक्षा हुई। 75803 ने लिखित परीक्षा दी।
05-04-2022 को लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित।
04-05-2022 को धर्मशाला में डाक्यूमेंटेशन को आए तीन आरोपितों से प्रश्न पूछने पर शक हुआ।
05-05-2022 को गगल पुलिस ने मनीष कुमार, मनी चौधरी और गौरव को आरोपित बना अन्य लोगों के साथ आपराधिक षड़यंत्र रचने का मामला दर्ज किया।
06-05-2022 को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांस्टेबल भर्ती पेपर को रद करने की घोषणा की।
07-05-2022,आइपीसी की धारा 420 व 120 बी के तहत सीआइडी ने भराड़ी थाना में मामला दर्ज किया।
17-05-2022 को मुख्यमंत्री ने सीबीआइ से जांच करने की सिफारिश की
18-05-2022 को गृह विभाग ने सीबीआइ जांच करवाने के लिए लिखा।
03-07-2022 को कांस्टेबल भर्ती के लिए दोबारा लिखित परीक्षा हुई।
03-07-2022 को 91 आरोपियों के खिलाफ एलडी सीजेएम कोर्ट कांगड़ा में चार्जशीट दाखिल की गई।
03-12-2022 को सीबीआइ ने स्पेशल क्राइम ब्रांच चंडीगढ़ में दो मामले दर्ज किए।
यह भी पढ़ें -
Paper Leak Case: पेपर लीक मामले में 16 मार्च को होगी अगली सुनवाई, विजिलेंस दर्ज कर सकती एक और एफआईआर

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।