Himachal Weather: 8 जिलों में कल से बर्फबारी-बारिश की संभावना; मनाली-लेह मार्ग बंद, अब गर्मियों में ही दौड़ेंगे वाहन
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की चेतावनी दी है। इसके चलते आठ और नौ दिसंबर को प्रदेश के आठ जिलों में हिमपात और वर्षा की संभावना है। शिमला शहर और आसपास लाहुल-स्पीति किन्नौर चंबा कांगड़ा कुल्लू मंडी और सिरमौर जिलों के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने गरज के साथ वर्षा और बिजली गिरने की भी आशंका जताई है।

राज्य ब्यूरो, शिमला। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इस कारण आठ और नौ दिसंबर को प्रदेश के आठ जिलों में हिमपात व वर्षा की संभावना जताई है। आठ और नौ को शिमला शहर व आसपास और लाहुल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों के ऊंचे इलाकों में हिमपात हो सकता है।
मौसम विभाग ने गरज के साथ वर्षा व बिजली गिरने की आशंका जताई है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान तीन-चार डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। हिमपात व तूफान के कारण यातायात, अन्य आवश्यक सेवाएं तथा संचार सुविधाएं बाधित हो सकती हैं।
शुक्रवार को प्रदेश में मौसम साफ रहा और न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आएगी। सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 1.6, सोलन में 0.6 और शिमला में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मार्ग पर थम गए वाहनों के पहिए
सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग बंद हो गया है। इस मार्ग पर अब गर्मियों में ही वाहनों की आवाजाही शुरू होगी। लेह के साथ-साथ अब जंस्कार मार्ग पर भी वाहनों के पहिये थम गए हैं। लाहुल स्पीति प्रशासन ने अधिसूचना जारी कर बारालाचा व शिंकुला दर्रा बंद कर दिया है।
प्रशासन ने घोषणा की है कि हिमपात और सड़क पर फिसलन की स्थिति के कारण सात दिसंबर से लेह-मनाली मार्ग यातायात के लिए बंद रहेगा। गत बुधवार को प्लान तैयार करने के लिए लाहुल-स्पीति, लेह और कारगिल प्रशासन की वर्चुअल बैठक हुई थी।
सड़क पर जम गई काली बर्फ
बीआरओ 70 आरसीसी, 108 आरसीसी और 126 आरसीसी के तीनों ओआइसी भी इसमें शामिल हुए थे। उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लाहुल स्पीति राहुल कुमार ने आदेश जारी करते हुए सात दिसंबर अगले वर्ष गर्मियों तक दारचा-सरचू (राष्ट्रीय राजमार्ग-03) और दारचा-शिंकुला सड़क पर यातायात पूर्णतया बंद कर दिया है।
उपायुक्त ने बताया कि अत्यधिक ठंड से बारालाचा टाप और शिंकुला टाप पर सड़क पर काली बर्फ जमने की घटनाएं स्पष्ट रूप से देखी जा रही हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 51 के प्रविधान लागू होंगे, जिसमें एक वर्ष तक के कारावास या जुर्माना या दोनों का प्रविधान है

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।