Himachal Mausam: हिमाचल में इस दिन से बदलेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी की संभावना; पढ़ें मौसम का हाल
Himachal Weather News हिमाचल प्रदेश में बुधवार और वीरवार को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बारिश और हिमपात का अनुमान है। इससे सूखे से राहत मिलने की उम्मीद है। तापमान में गिरावट आ सकती है। जनवरी और फरवरी में सामान्य से 78 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। पर्यटकों ने अटल टनल के नार्थ पोर्टल में हिमपात का आनंद उठाया।

राज्य ब्यूरो, शिमला। Himachal Weather मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार व वीरवार को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। वर्षा व हिमपात होने से सूखे से राहत मिलने की उम्मीद है। तापमान में गिरावट आ सकती है।
सोमवार को प्रदेश में मौसम साफ रहा जबकि प्रदेश की ऊंची चोटियों बारालाचा, कुंजुम व अन्य पर दोपहर बाद हल्का हिमपात हुआ। इसके कारण ठंड थोड़ी बढ़ी है। प्रदेश में जनवरी व फरवरी माह में सामान्य से 78 प्रतिशत तक कम वर्षा दर्ज की गई है।
न्यूनतम तापमान में आई गिरावट
सोमवार को प्रदेश में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट कुकुमसेरी में 2.9 डिग्री सेल्सियस की आई है। ताबो में न्यूनतम तापमान -8.4, केलंग में -7.0, कुकुमसेरी में -6.1 और कल्पा में -2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान में दो से करीब सात डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में सबसे अधिक वृद्धि सुंदरनगर में 6.4, शिमला, भुंतर, कांगड़ा, मंडी व बिलासपुर में करीब 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान ऊना में 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पर्यटकों ने अटल टनल के नार्थ पोर्टल में हिमपात का आनंद उठाया। लाहुल पहुंचे पर्यटकों ने बर्फ के फाहों के बीच मस्ती की। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि मौसम अनुकूल होने से अटल टनल रोहतांग सभी वाहनों के लिए बहाल है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण वर्षा-हिमपात की संभावना
मौसम विज्ञानी शोभित कटियार ने बताया कि प्रदेश में दो दिन तक तापमान में उछाल दर्ज किया जाएगा। 19 फरवरी शाम से पश्चिमी विक्षोभ के कारण वर्षा व हिमपात की संभावना है। 20 फरवरी को प्रदेश के सभी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
यह भी पढ़ें- Delhi Weather: दिल्ली में चढ़ा पारा, सीजन का दूसरा सबसे गर्म दिन; बारिश को लेकर क्या है IMD का अपडेट
कहां कितना रहा ताममान
| स्थान | न्यूनतम | अधिकतम |
| शिमला | 6.5 | 17.4 |
| सुंदरनगर | 4.9 | 26.6 |
| भुंतर | 3.4 | 24.8 |
| कल्पा | -2.6 | 12.0 |
| धर्मशाला | 5.5 | 19.5 |
| ऊना | 3.8 | 28.2 |
| नाहन | 10.1 | 23.1 |
| केलंग | -7.1 | 3.1 |
| सोलन | 4.3 | 20.0 |
फरवरी में वर्षा व हिमपात न के बराबर, बागबान चिंतित
जनवरी व फरवरी माह के मध्य तक वर्षा व हिमपात पर्याप्त मात्रा से कम होने के कारण बागीचों में नमी की कमी पाई जा रही है। ऊपरी शिमला में अधिकतर लोग सेब बागवानी से जुड़े हुए हैं।
बागबानों का कहना है कि हिमाचल में बागबानी का करीब 85 फीसदी क्षेत्र बारिश पर निर्भर है। सेब बगीचों में नमी न होने से सेब के पौधे भी सूखने लगे हैं। शुष्क मौसम से सेब के बगीचों को वूली एफिड की समस्या सामने आ रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।