CM Sukhu बोले: हर व्यक्ति को सूचना का अधिकार, दुख होता है कि भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं को खाली रखा
दुख होता है पूर्व भाजपा सरकार में संवैधानिक संस्थाओं को खाली रखा गया। पता नहीं ऐसा क्या डर था। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला स्थित ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, शिमला: दुख होता है , पूर्व भाजपा सरकार में संवैधानिक संस्थाओं को खाली रखा गया। पता नहीं ऐसा क्या डर था। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला स्थित राजभवन में रविवार को प्रदेश के मुख्य सूचना आयुक्त के शपथ ग्रहण के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि सूचना प्राप्त करने का अधिकार हर व्यक्ति को है। पूर्व सरकार ने पता नहीं किस घबराहट में यह पद खाली रखा। अब किसी भी संवैधानिक संस्था में पद खाली नहीं रखा जाएगा। अभी कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा और आने वाले समय में समाज की बेहतरी के लिए हर संभव कार्य किए जाएंगे।
लंबित मामलों को निपटाने का होगा प्रयास -धीमान
प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव आरडी धीमान को मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री व कई विधायक भी उपस्थित रहे।
आरडी धीमान ने पदभार संभालने के बाद कहा कि पारदर्शिता से लोगों को सूचना के अधिकार का लाभ देने का प्रयास करेंगे। राज्य सूचना आयोग के लंबित मामलों को निपटाने पर जोर रहेगा। सूचना के लिए लोगों को इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा और उचित सूचनाएं मिल सकेंगी।
रेस्तरां व ढाबों को 24 घंटे खुला रखने का फैसला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार बजट सत्र में ओपन पालिसी लाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर्यटन राज्य है। देश-विदेश से लाखों मेहमान यहां घूमने आते हैं। सरकार यह प्रयास करेगी कि उन्हें अधिक से अधिक सुविधा मिले।
नीतिगत निर्णय लेकर जल्द ही पर्यटन के आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नीतिगत निर्णय के तहत सरकार ने मनाली, शिमला, कसौली व धर्मशाला में रेस्तरां व ढाबों को 24 घंटे खुला रखने का निर्णय लिया है।
कुल्लू को कैबिनेट में प्रतिनिधित्व मिलेगा या नही के प्रश्न पर सीएम ने कहा कि यह तो वक्त ही बताएगा। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार मनाली पहुंचे सुखविंदर सिंह सुक्खू का बाहंग हेलीपैड में विधायक भुवनेश्वर गौड़ के नेतृत्व में प्रशासन व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
विंटर कार्निवाल आज से मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
पर्यटन नगरी मनाली में सोमवार को पांच दिवसीय राष्ट्रस्तरीय विंटर कार्निवाल शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू माता हिडिबा की पूजा के साथ करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस से कार्निवाल परेड को हरी झंडी दिखाएंगे। वह सुबह 10 बजे मनाली माल रोड में विटर कार्निवाल परेड की अध्यक्षता करेंगे।
दोहपर बाद मुख्यमंत्री मनु रंगशाला में सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ कर जनता को भी संबोधित करेंगे। करीब 140 महिला मंडलों समेत देशभर से आई टीमें कार्निवाल की झांकियों में हिस्सा लेंगी। महिला मंडल सामाजिक बुराइयों पर झांकियों के माध्यम से प्रहार करेंगी। कार्निवाल कमेटी के उपाध्यक्ष एव एसडीएम मनाली डा. सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि कार्निवाल के सफल आयोजन को सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।