Himachal Pradesh: हिमाचल में नहीं सुलझ रही सीएम पद की गुत्थी, कांग्रेस नेताओं के बीच घमासान जारी
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को मिले स्पष्ट बहुमत के बाद भी मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी में घमासान जारी है। हिमाचल में सीएम पद को लेकर शुक्रवार रात को नवनिर्वाचित विधायकों द्वारा सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पास किया गया जिसमें सीएम चुनने के लिए कांग्रेस आलाकमान को अधिकृत किया गया।

शिमला, पीटीआइ। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को मिले स्पष्ट बहुमत के बाद भी मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी में घमासान जारी है। हिमाचल में सीएम पद को लेकर शुक्रवार रात को नवनिर्वाचित विधायकों द्वारा सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पास किया गया, जिसमें सीएम चुनने के लिए कांग्रेस आलाकमान को अधिकृत किया गया। हालांकि, इसके बाद शनिवार को भी मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान जारी है।
शिमला पहुंचने लगे विधायक
शनिवार सुबह से ही कांग्रेस विधायक शिमला के सेसिल होटल पहुंचने लगे। सेसिल होटल में ही पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक ठहरे हुए हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा शामिल हैं। हिमाचल में कांग्रेस को स्पष्ट जनादेश मिला है, लेकिन इसके बाद भी छह बार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन से बने खाई को भरना और विधायक दल के नेता पर आम सहमति तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है, जो मुख्यमंत्री बनेगा।
मुख्यमंत्री पद की रेस में कई दावेदार
वहीं, राज्य कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह, निवर्तमान विधानसभा में विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री और चुनाव अभियान समिति के प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित कई नेताओं ने व्यक्तिगत रूप से केंद्रीय पर्यवेक्षकों से मुलाकात की। 66 वर्षीय प्रतिभा सिंह ने संकेत दिया है कि वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हैं और यह बात उनके बेटे ने भी कही है। वहीं, शनिवार को मीडियाकर्मियों से सुक्खू ने कहा, 'मैं मुख्यमंत्री का उम्मीदवार नहीं हूं। मैं सिर्फ एक कांग्रेस कार्यकर्ता हूं और आलाकमान जो भी फैसला लेगा, उसे स्वीकार किया जाएगा।'
हिमाचल में कांग्रेस को स्पष्ट जनादेश
इससे पहले, हिमाचल प्रदेश के एआईसीसी प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ पर्यवेक्षकों ने शुक्रवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की और पार्टी के विजयी विधायकों की एक सूची राज्यपाल को सौंपी और सरकार बनाने के लिए औपचारिक रूप से दावा पेश किया। कांग्रेस ने हिमाचल में 68 विधानसभा सीटों में से 40 सीटों पर जीत दर्ज की है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।