Himachal Election 2022: रिजल्ट से पहले ही अपनी-अपनी सरकार बनाने में जुटी पार्टियां, मंत्री पदों की भी प्लानिंग
Himachal Pradesh Assembly Election 2022 हिमाचल में इस बार भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेता सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त हैं। हालांकि मतगणना आठ दिसंबर को होगी लेकिन परिणाम से पहले ही कांग्रेस व भाजपा के नेता नई सरकार का प्रारूप बनाने में जुटे हैं।

शिमला, रोहित नागपाल। Himachal Pradesh Assembly Election 2022, हिमाचल में इस बार भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेता सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त हैं। हालांकि मतगणना आठ दिसंबर को होगी और तभी स्पष्ट होगा कि सरकार किसकी बनेगी, लेकिन परिणाम से पहले ही कांग्रेस व भाजपा के नेता नई सरकार का प्रारूप बनाने में जुटे हैं। परिणाम के लिए अभी 13 दिन हैं लेकिन दोनों दलों के नेता अपनी-अपनी सरकार बनाने में जुटे हैं। 12 नवंबर को हिमाचल की 68 सीटों के लिए हुए विधानसभा चुनाव के बाद से दोनों दल अपना-अपना गणित भिड़ा रहे हैं।
कांग्रेस में खुले तौर पर मुख्यमंत्री पद की लाबिंग
सत्तारूढ़ भाजपा इस प्रयास में है कि किसी तरह से वह सरकार बनाए। 35 का आंकड़ा हासिल करने के बाद किसे क्या जिम्मेदारी देनी है, इसका प्रारूप भी नेताओं ने अपने स्तर पर तैयार करना शुरू कर दिया है। भाजपा में भले ही खुलकर गुटबाजी सामने न आए, इसके बावजूद अपने गुट के नेता को कैसे अहम पद दिलाया जा सकता है, इसके लिए भी योजना पर काम किया जा रहा है। कांग्रेस में तो खुले तौर पर मुख्यमंत्री पद के लिए लाबिंग हो रही है। मुख्यमंत्री बनने के बाद मंत्रिमंडल में किसे रखना है, इस पर भी अंदरूनी तौर पर मंथन हो चुका है। इसी तरह से अब मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल बनाने के बाद अपने कुछ लोगों को चुनाव हारने और चुनाव में मदद करने वालों को बोर्ड और निगमों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष बनाने के लिए भी काम किया जा रहा है।
दोनों दल जीत के लिए आश्वस्त
हिमाचल में परंपरा रही है कि पांच साल बाद दूसरा पार्टी की ही सरकार बनेगी। हिमाचल में 1990 के बाद सरकार रिपीट नहीं हुई है। लेकिन इस बार परिस्थितियां अलग हैं। भाजपा दावा कर रही है कि हम रिवाज बदलेंगे और इसी रिवाज बदलने के दम पर भाजपा अपनी सरकार, मंत्री से लेकर चेयरमैन बनाने की योजना बना रही है। इसी तरह से कांग्रेस को यह लग रहा है इस बार हमारी बारी है। ऐसे में मुख्यमंत्री, मंत्री और चेयरमैन तो बनाने ही हैं। इसी कसरत में अब पूरा दिन बीत रहा है। चुनाव परिणाम के बाद ही तय होगा कि हिमाचल में रिवाज बदलेगा या नहीं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।