Himachal Election 2022: PMO राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह बोले- मोदी व जयराम सरकार ही निकालेगी OPS का हल
Himachal Pradesh Assembly Election 2022 प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में राज्यमंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने कहा कि यदि कांग्रेस को OPS देनी होती तो पिछली ...और पढ़ें

शिमला, जागरण संवाददाता। Himachal Pradesh Assembly Election 2022, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में राज्यमंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना (OPS) का हल केंद्र की नरेन्द्र मोदी व हिमाचल की जयराम सरकार ही मिलकर निकालेगी। कांग्रेस पाप करके अब प्रायश्चित करने की बात कह रही है, लेकिन यह सिर्फ छल है। यदि कांग्रेस को OPS देनी होती तो इसका निर्णय स्व. वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली पिछली सरकार में लिया जा सकता था। कांग्रेस ने पांच साल सरकार में रहते हुए मंत्रिमंडल की किसी भी बैठक में इसको चर्चा के लिए नहीं लाया।
देश-प्रदेश में एक ही पार्टी की सरकार से होता है विकास
शिमला में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में जितेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश में यदि एक ही पार्टी की सरकार बनती है तभी विकास संभव है। हिमाचल भले ही छोटा राज्य हो, लेकिन इसकी क्षमता बहुत अधिक है। एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिस नेता को टिकट दिया है, पूरा संगठन उसके साथ चलेगा और उसकी ही जीत होगी। भाजपा सरकार ने वरिष्ठ से लेकर अन्य जरूरतमंद लोगों को पेंशन देकर राहत प्रदान की है। इसके लिए पूर्व कांग्रेस सरकार के बनाए कानूनों में संशोधन भी किया है। केंद्र सरकार ने ऐसे कानूनों को समाप्त कर दिया है, जिनका औचित्य समय के साथ समाप्त हो गया है।
25 वर्ष में विश्व में सर्वश्रेष्ठ देश बनेगा भारत
जितेंद्र सिंह ने कहा कि 25 वर्ष में भारत विश्व में सर्वश्रेष्ठ देश बनेगा। इसमें हिमालयी राज्यों विशेषकर हिमाचल का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। हिमालयी क्षेत्र में अपार प्राकृतिक संपदा का भंडार है, जिसका केंद्र सरकार दोहन कर रही है। इसमें औषधीय पदार्थ भी हैं। स्टार्टअप ने आज देश को अलग पहचान दी है व विश्व आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा कर रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।