क्या दोबारा हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष बनेंगी प्रतिभा सिंह? रजनी पाटिल के आश्वासन पर दिए बड़े संकेत
हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी पार्टी हाईकमान ने दी थी जिसे उन्होंने बखूबी निभाया। संगठन के गठन में देरी पर उन्होंने चिंता जताई और कहा कि हाईकमान को इस पर जल्द निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम की जानकारी दी जिसमें सोनिया राहुल और खरगे भी शामिल होंगे।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्होंने इसे बेहतर तरीके से निभाया है। यदि दोबारा हाईकमान उनके कंधों पर यह जिम्मेदारी डालता है तो उसे भी अच्छी तरह से निभाने को तैयार हूं।
शिमला के गेयटी थिएटर में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंची प्रतिभा सिंह मीडिया से अनौपचारिक बातचीत कर रही थी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि पिछले काफी समय से संगठन के गठन को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है। कांग्रेस प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल शिमला दौरे पर आई थी।
जल्द ही संगठन का होगा गठन
उन्होंने कार्यकर्ताओं, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से बात की थी व संगठन को लेकर उनकी राय जानी थी। कार्यकर्ताओं ने कहा था कि जल्द संगठन का गठन किया जाना चाहिए।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्होंने रजनी पाटिल से कई बार फोन पर भी उनसे बातचीत की है, उन्होंने आश्वासन दिया है कि वे हाईकमान से इसको लेकर चर्चा करेगी। उम्मीद है कि जल्द ही संगठन का गठन कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस साल पंचायत चुनाव भी है। ऐसे में हर कार्यकर्ता चाहता है कि जल्द कार्यकारिणी का ऐलान हो जाए ताकि पार्टी के दिशा निर्देशों पर आगे बढ़कर कार्य किया जा सके। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान को इस पर बहुत पहले निर्णय ले लेना चाहिए था।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस संगठन न बनने से कांग्रेस पीछे जा रही है। इसलिए जल्द मजबूत संगठन घोषित किया जाए ताकि आने वाले समय के लिए संगठन को मजबूत किया जा सके।
सोनिया, राहुल, प्रियंका व खरगे आएंगे शिमला
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि रिज मैदान पर स्थापित वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण 15 जुलाई को होगा। पहले 23 जून को वीरभद्र सिंह के जन्मदिन पर प्रतिमा का अनावरण किया जाना था।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिका अर्जुन खरगे, कांग्रेस वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की व्यस्तता के चलते इस कार्यक्रम को स्थगित किया गया है।
उन्होंने कहा कि ये सभी नेता कार्यक्रम में आना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं व लोगों में भी इसका संदेश जाएगा कि कांग्रेस पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं को याद रखती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।