हिमाचल कांग्रेस को मिलेगा नया अध्यक्ष, CM सुक्खू आज जा सकते हैं दिल्ली; SC वर्ग के नेता को मिल सकती है कमान
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाला है। आलाकमान एससी वर्ग के नेता को कमान सौंप सकती है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस सिलसिले में दिल्ली जाकर पार्टी नेताओं से मिलेंगे। पिछले दिनों खरगे और राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर बैठक की थी। मंत्रिमंडल विस्तार की भी संभावना है और कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल हो सकता है।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिलेगा। अध्यक्ष पद को लेकर नाम तय हो गया है, अब महज औपचारिकता ही बची है। सूत्रों के मुताबिक हाईकमान एससी वर्ग से संबंध रखने वाले नेता को प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान सौंपेगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस सिलसिले में मंगलवार को दिल्ली जा सकते हैं। दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेताओं से उनके मिलने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। सूत्रों के मुताबिक पहले सोमवार दोपहर बाद दिल्ली जाने का कार्यक्रम तय हुआ था।
खराब मौसम के कारण वह नहीं जा सके। मंगलवार को शिमला में उनके पहले से कुछ कार्यक्रम तय है। ऐसे में अभी तक दिल्ली जाने का कार्यक्रम देर शाम तक तय नहीं हुआ था। यह तय माना जा रहा है कि अगले एक-दो दिन के भीतर ही प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति हो जाएगी।
पिछले सप्ताह कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खरगे, राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, कांग्रेस अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्रियों के साथ बैठक कर राज्य अध्यक्ष को लेकर उनकी राय जानी थी। मुख्यमंत्री इसके बाद अलग से भी शीर्ष नेताओं से मिले थे।
राज्य में कांग्रेस सरकार है, ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए मुख्यमंत्री की पसंद हाइकमान जरूर पूछेगा। हालांकि मुख्यमंत्री कह चुके हैं कि एससी वर्ग या कैबिनेट मंत्रियों में से किसी को अध्यक्ष बनाया जाता है तो उनकी कोई आपत्ति नहीं है।
एससी वर्ग से विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, भोरंज से विधायक सुरेश कुमार और कसौली से विधायक विनोद सुल्तानपुरी का नाम सबसे आगे चल रहा है। वहीं कैबिनेट मंत्रियों में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर खुद अध्यक्ष पद के लिए अपनी हामी भर चुके हैं। पिछले नौ महीनों से हिमाचल कांग्रेस बिना प्रदेश अध्यक्ष के चल रही है।
मंत्रिमंडल विस्तार संभव
हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार भी संभव है। यदि हाइकमान कैबिनेट मंत्री को अध्यक्ष बनाती है तो फिर बदलाव होना तय है। अभी कैबिनेट में एक पद खाली पड़ा हुआ है। सूत्रों की माने तो कुल्लू से विधायक सुंदर ठाकुर को मंत्री बनाया जा सकता है।
वहीं विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया को मंत्री बनाया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक सरकार बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले पठानिया का नाम पहले भी चर्चा में आया था, लेकिन उन्होंने उस वक्त मंत्री बनने से इंकार किया था। ऐसे में मंत्रियों के विभागों में बदलाव या नए विभाग देने, जैसे निर्णय लिए जा सकते हैं।
शिमला संसदीय क्षेत्र का प्रभाव
मौजूदा समय में प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह हैं जो शिमला जिले से संबंध रखती हैं। हालांकि उनका संसदीय क्षेत्र मंडी है। इसके अलावा शिमला जिले से तीन मंत्री सरकार में हैं। यदि शिमला संसदीय क्षेत्र की बात करें तो पांच मंत्री यहां से हैं। प्रतिभा सिंह से पहले कुलदीप राठौर प्रदेश अध्यक्ष थे वह भी शिमला जिले से ही संबंध रखते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।