हिमाचल में आपदा के बाद सराज में मिनी बस सेवा बहाल, लोगों को मिली राहत
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि हिमाचल पथ परिवहन निगम ने आपदा प्रभावित सराज विधानसभा क्षेत्र में मिनी बस सेवाएँ फिर से शुरू कर दी हैं। यह सेवा बगस्याड़ जंजैहली छतरी समेत कई दुर्गम मार्गों पर शुरू की गई है। इन सेवाओं के शुरू होने से स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी और मंडी जैसे स्थानों तक पहुंचना आसान हो जाएगा।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम ने शुक्रवार से आपदा प्रभावित सराज विधानसभा क्षेत्र के कई मार्गों पर मिनी बस (टैंपो ट्रैवलर) सेवाएं बहाल कर दी हैं।
उन्होंने कि सराज के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन सामान्य होने लगा है। उन्होंने कहा कि मिनी बस सेवाओं की शुरुआत होने से क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी, क्योंकि वे लंबे समय से यातायात सुविधा के अभाव से जूझ रहे थे।
यात्रियों को मिलेगी सुविधा
अब निगम की ओर से बगस्याड़, जंजैहली, छतरी, सराची, थुनाग और चियूणी चेत सहित विभिन्न दुर्गम मार्गों पर टैंपो ट्रैवलर सेवाएं संचालित की जा रही हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इन टैंपो ट्रैवलर सेवाओं को बगस्याड़ में निगम की अन्य बस सेवाओं से जोड़ा गया है, जिससे यात्रियों को जिला मुख्यालय मंडी सहित अन्य गंतव्यों तक आसानी से पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
निगम ने यह सुनिश्चित किया है कि परिवहन व्यवस्था सुचारू और समयबद्ध हो ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि सराज क्षेत्र के लोगों को आपदा के बाद यातायात अवरुद्ध होने के कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हमारी सरकार प्राथमिकता के आधार पर सभी आवश्यक सेवाओं को बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।