Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Video: कहीं बादल फटा तो कहीं भूस्खलन, मंडी में मूसलाधार बारिश ने मचाई तबाही; कई घर डूबे

    Updated: Sun, 17 Aug 2025 10:52 AM (IST)

    द्रंग क्षेत्र में भारी बारिश के कारण बागी नाला में बाढ़ आई जिससे खेत और मकान डूब गए। शेगली कटौला में श्याम चंद के परिवार का घर बह गया। बथेरी पंचायत में छह पुल बह गए और स्कूल-पंचायत घर में पानी घुस गया। सनवाड़ पंचायत में भी कई पुल और पशुशालाएं बह गईं। मंडी-पठानकोट राजमार्ग भूस्खलन से बंद है।

    Hero Image
    मंडी में बाढ़ और भूस्खलन से कई घर डूबे और पुल बहे।

    आशीष भोज, पद्धर। द्रंग क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा ने तबाही मचा दी है। बागी नाला में अचानक आई बाढ़ से खेत-खलिहान जलमग्न हो गए।

    जगरनाथ पुत्र श्याम चंद, गांव शेगली कटौला का मकान और उपजाऊ जमीन बह जाने से उनका परिवार खुले आसमान तले आ गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस आपदा ने उनकी मेहनत की पूंजी छीन ली।

    बथेरी पंचायत में बाढ़ का रौद्र रूप

    बथेरी पंचायत की बथेरी खड्ड भी उफान पर है। तेज बहाव में करीब छह फुटब्रिज बह गए। बथेरी स्कूल और पंचायत घर में पानी घुस गया, जिससे भवन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सनवाड़ पंचायत में भी नुकसान

    सनवाड़ पंचायत के आरंग क्षेत्र और आसपास फ्लैश फ्लड से कई फुटब्रिज बह गए हैं। यहां तीन से अधिक पशुशाला भी पानी में बह गईं। प्रभावित परिवारों की आंखों में बेबसी साफ झलक रही है।

    प्रशासन अलर्ट पर

    सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगवाई भी बाढ़ की चपेट में आ गया। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी तरह की जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।

    जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। बीडीओ पद्घर विनय चौहान के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम आरंग गांव के लिए रवाना हुई, लेकिन जगह-जगह सड़कें बाधित होने से राहत कार्यों में कठिनाई आ रही है।

    सड़क मार्ग ठप

    लगातार वर्षा से मंडी–पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग मैगल के पास और मंडी–बजौरा मार्ग (कमांद–कटौला होकर) आइआइटी के पास भूस्खलन से बंद पड़े हैं। यातायात ठप होने से लोगों की मुश्किल और बढ़ गई हैं।

    प्रशासन ने जनता से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और राहत कार्य तेजी से शुरू करने की तैयारी है।

    यह भी पढ़ें- Video: मंडी में बादल फटने से मचा हाहाकार, चारों तरफ सिर्फ तबाही ही तबाही; घरों और दुकानों में भरा मलबा