Mandi Cloudburst: 'बेघर हो गए लोग, सराज में 500 करोड़ का नुकसान'; जयराम ठाकुर ने प्रीफैब घरों के निर्माण की मांग की
मंडी में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सराज क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा से 500 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है और यह आंकड़ा 1000 करोड़ रुपये तक जा सकता है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की और सर्दियों से पहले अस्थायी घरों की मांग की। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री के साथ दौरा किया और विशेष राहत पैकेज की मांग की।

जागरण संवाददाता, मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सराज क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा से अब तक 500 करोड़ रुपये से अधिक का ढांचागत नुकसान हो चुका है। कुल क्षति का आंकड़ा 1000 करोड़ रुपये को पार कर सकता है।
उन्होंने बताया कि सिर्फ घरों और दुकानों का ही नहीं, बल्कि सेब बागीचों, कृषि भूमि और पशुधन को भी भारी नुकसान हुआ है, जिससे आम लोगों की आजीविका बुरी तरह प्रभावित हुई है।
जरोल में प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा ने लोगों को बेघर कर दिया है। उनके कमाई के सारे साधन छीन लिए हैं। उन्होंने मांग की है कि सर्दियों से पहले अस्थायी प्रीफैब घरों का निर्माण किया जाए, ताकि प्रभावितों को बर्फबारी के दिनों में दिक्कत न हो।
जयराम ठाकुर ने बताया कि उन्होंने दो दिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्हें वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने विशेष राहत पैकेज की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि चैलचौक से जंजैहली तक 56 किमी सड़क बहाल करने में नौ दिन लगे, जो कि बेहद लंबा समय है।
यह भी पढ़ें- Mandi: आपदा में माता-पिता को खोने वाली 11 माह की नीतिका के लिए महिला SDM बनी मददगार, बैंक खाता खोला, DC संरक्षक बने
जयराम ठाकुर ने अपने पुश्तैनी घर का किया निरीक्षण
जब तक सड़कें बहाल नहीं होतीं, तब तक बिजली, पानी और अन्य जरूरी सेवाओं को सुचारु नहीं किया जा सकता। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस आपदा में सेवा दे रहे एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, वायुसेना, आइटीबीपी, पुलिस व होमगार्ड जवानों को देवदूत बताते हुए उनका आभार जताया।
उन्होंने कहा कि आपने अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की जिंदगी बचाई, यह हम कभी नहीं भूलेंगे। उन्होंने कहा कि सैकड़ों समाजसेवी, संस्थाएं और स्वयं सेवक तन-मन-धन से सेवा में जुटे हैं। भाजपा के कार्यकर्ताओं और आम जनता द्वारा किए जा रहे निःस्वार्थ सहयोग की उन्होंने विशेष सराहना की।
जयराम ठाकुर ने अपने पुश्तैनी घर का भी निरीक्षण किया, जिसे भी आपदा से नुकसान हुआ है। घर के आगे सेब बागीचा, रसोई और पशुशाला प्रभावित हुए हैं। मकान में दरारें आ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह दौर बीत जाएगा, लेकिन सहयोग करने वालों का साथ जीवनभर याद रखा जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।