Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Maheshwar Singh: जेपी नड्डा से बोले महेश्वर सिंह- कार्यकर्ताओं की मानूंगा बात, जो कहेंगे वही करूंगा

    By Jagran NewsEdited By: Virender Kumar
    Updated: Thu, 27 Oct 2022 08:54 PM (IST)

    Maheshwar Singh मंडी संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद महेश्वर सिंह को पूर्व में हिमाचल प्रभारी रहे मंगल पांडे के माध्यम से शिमला आने का संदेश भेजा। टिकट कटने से नाराज महेश्वर सिंह समर्थकों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्हें लाने के लिए शिमला से कुल्लू हेलीकाप्टर भेजा गया।

    Hero Image
    Maheshwar Singh: महेश्वर सिंह बोले- कार्यकर्ताओं की मानूंगा बात, जो कहेंगे वही करूंगा।

    मंडी, जागरण संवाददाता। Maheshwar Singh, हिमाचल विधानसभा के चुनाव में असंतुष्टों ने भाजपा और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का पसीना छुड़ा दिया है। दोनों दलों के 29 नेताओं ने अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ नामांकन किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का वीरवार को बिलासपुर से दिल्ली लौटने का कार्यक्रम था लेकिन वह शिमला चले गए। मंडी संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद महेश्वर सिंह को पूर्व में हिमाचल प्रभारी रहे मंगल पांडे के माध्यम से शिमला आने का संदेश भेजा। टिकट कटने से नाराज महेश्वर सिंह समर्थकों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्हें लाने के लिए शिमला से कुल्लू हेलीकाप्टर भेजा गया। राज्य अतिथि गृह पीटरहाफ शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व प्रभारी मंगल पांडे व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की उपस्थिति में जेपी नड्डा ने महेश्वर सिंह के साथ बैठक की और पार्टी हित में नामांकन वापस लेने का आग्रह किया। महेश्वर ने कहा कि वह कार्यकर्ताओं की बात मानेंगे। जो कार्यकर्ता कहेंगे, वही करूंगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पहले महेश्वर सिंह को घोषित किया था प्रत्याशी

    भाजपा ने पहले महेश्वर सिंह को कुल्लू से प्रत्याशी घोषित किया था। बेटे हितेश्वर सिंह ने बंजार विधानसभा क्षेत्र से टिकट न मिलने पर निर्दलीय नामांकन कर दिया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने महेश्वर व हितेश्वर से बैठक कर नामांकन वापस लेने का आग्रह किया था। हितेश्वर नामांकन वापस लेने को तैयार नहीं हुए तो पार्टी ने महेश्वर सिंह का टिकट काट दिया था।

    मुख्यमंत्री ने असंतुष्टों को मनाने की कोशिश की

    मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश सहप्रभारी संजय टंडन के साथ मंडी जिले के कई असंतुष्ट नेताओं व कार्यकर्ताओं से बात की। कई नेताओं को नामांकन वापस लेने के लिए राजी किया। कुछ लोगों से शुक्रवार को बैठक रखी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि 29 अक्टूबर तक पार्टी का कोई भी असंतुष्ट नेता चुनावी रण में नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री ने कई प्रत्याशियों को फोन कर उनसे फीडबैक ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता 30 अक्टूबर को प्रदेश के सभी 68 हलकों में रैलियां करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित अन्य केंद्रीय नेताओं की चुनावी रैलियों के कार्यक्रम भी तय कर दिए गए हैं।

    कांग्रेस की ओर से शुक्ल ने संभाला मोर्चा, असंतुष्टों को संगठन में पद

    कांग्रेस आलाकमान ने असंतुष्टों को समझाने के लिए दिल्ली से नेताओं को झोंक दिया है। इसका जिम्मा पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को सौंपा गया है। असंतुष्टों को मनाने के लिए संगठन में पद दिए जा रहे हैं। कुछ को दूसरे हलकों में चुनावी ड्यूटी पर लगाया गया है।

    गारंटी देने के बाद वापस नहीं आए आप नेता

    पंजाब विधानसभा का चुनाव जीतने के बाद हिमाचल को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के शीर्ष नेतृत्व ने खूब जोश दिखाया था। दिल्ली व पंजाब के मुख्यमंत्री ने यहां रोड शो सहित कई कार्यक्रम किए थे। प्रदेश की जनता को 11 गारंटी दी थीं। इसके बाद पार्टी का कोई नेता न तो प्रत्याशियों के नामांकन में आया और न ही पार्टी की तरफ से अभी तक हिमाचल में चुनाव प्रचार करने कोई बड़ा नेता पहुंचा है।

    यह भी पढ़ें : Himachal Election 2022: कुल्‍लू में भाजपा प्रत्‍याशी के तौर पर महेश्‍वर सिंह ठाकुर का नामांकन रद

    यह भी पढ़ें : Himachal Election 2022: रूठों को मनाने की जद्दोजहद, 6 दिन बाद बिलासपुर से निकल नड्डा शिमला पहुंचे