Himachal Election 2022: सतपाल महाराज बोले- केंद्र के इंजन से कटे तो विकास का बल्ब भी नहीं जग पाएगा
Himachal Pradesh Assembly Election 2022 सतपाल महाराज ने मंगलवार को नाचन विधानसभा क्षेत्र के दयारगी में भाजपा प्रत्याशी विनोद कुमार के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया। कहा कि जनता भी दोबारा केंद्र के इंजन से जुड़े। दिल्ली के इंजन से कटे तो विकास का बल्ब नहीं जग पाएगा।

मंडी, जागरण संवाददाता। Himachal Pradesh Assembly Election 2022, उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि AIIMS व IIT जैसे संस्थान खोलना राज्य सरकार के बस की बात नहीं होती है। इसके लिए केंद्र का सहयोग चाहिए होता है। जिस तरह बिजली प्रोजेक्ट ग्रिड व मोबाइल नेटवर्क से जुड़ा होता है ठीक वैसे ही पावर हाउस से जुड़ना जरूरी है। उत्तराखंड की तरह हिमाचल की जनता भी दोबारा केंद्र के इंजन से जुड़े। भूलकर भी दिल्ली के इंजन से कटे तो विकास का बल्ब नहीं जग पाएगा। सतपाल महाराज ने मंगलवार को नाचन विधानसभा क्षेत्र के दयारगी में भाजपा प्रत्याशी विनोद कुमार के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया।
उत्तराखंड का अनुसरण करे हिमाचल की जनता
उन्होंने कहा कि पांच-पांच साल बाद सरकार बदलने की परंपरा से उत्तराखंड भी विकास की दौड़ में पिछड़ रहा था। वहां की जनता ने इस बात को समझा और डबल इंजन के साथ जुड़े रहना उचित समझा। हिमाचल की जनता भी उत्तराखंड का अनुसरण करें। मोदी के नेतृत्व में देश आज नई बुलंदियों को छू रहा है। कल तक दुनिया के कई देश भारत को आंखें दिखाते थे। रूस से तेल खरीद को लेकर देश के विदेश मंत्री ने यूरोप के देशों को जिस तरह से जवाब दिया वैसा पहले कभी नहीं होता था।
उत्तराखंड-हिमाचल पर्यटन को दे रहे बढ़ावा
उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 40 से अधिक नए सर्किट बनाए गए हैं। हिमाचल के 45,000 से अधिक लोगों ने इस बार चार धाम यात्रा की है। उत्तराखंड व हिमाचल मिलकर पर्यटन को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं। इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं। जयराम सरकार ने पांच साल में समाज के हर वर्ग के लिए काम किया है। कांग्रेस के किसी बहकावे में आने के बजाय 12 नवंबर को भाजपा के पक्ष में मतदान कर रिवाज बदलें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।