Move to Jagran APP

Himachal Congress List: मंडी से कंगना को टक्कर देने को विक्रमादित्य तैयार, कांग्रेस ने शिमला में भी उतारा अपना उम्मीदवार

Himachal Congress Candidates List मंडी से कंगना रनौत के खिलाफ कांग्रेस ने विक्रमादित्य को उतारा है। वहीं शिमला से विनोद सुल्तानपुरी को उम्मीदवार बनाया गया है। इस बात पर सीईसी ने मुहर लगा दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी इस बात की जानकारी दी है। हालांकि इस पर अभी कांग्रेस हाईकमान से कोई आधिकारिक सूचना प्राप्‍त नहीं हुई है।

By Jagran News Edited By: Himani Sharma Published: Sat, 13 Apr 2024 05:54 PM (IST)Updated: Sat, 13 Apr 2024 09:59 PM (IST)
मंडी से विक्रमादित्य तो शिमला से विनोद सुल्तानपुरी का नाम तय (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत को कांग्रेस के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह चुनौती देंगे। नई दिल्ली में कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समीति की बैठक के बाद विक्रमादित्य के नाम की घोषणा कर दी है। इसके अलावा शिमला संसदीय क्षेत्र से कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी को मैदान में उतारा है। चार संसदीय क्षेत्रों में से दो पर कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं जबकि कांगड़ा व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र पर अभी किसी नाम पर सहमति नहीं बनी है।

loksabha election banner

राजनीतिक संकट के बावजूद कांग्रेस का बड़ा दांव

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व सांसद प्रतिभा सिंह के पुत्र विक्रमादित्य वर्तमान में शिमला ग्रामीण से विधायक हैं। प्रदेश में राजनीतिक संकट के बावजूद कांग्रेस ने दो विधायकों को टिकट देकर बड़ा दांव खेला है। कांग्रेस इन दो सीटों पर जीत के प्रति आश्वस्त दिख रही है। दरअसल, फरवरी में हुए राज्यसभा की एक सीट के चुनाव के बाद हिमाचल विधानसभा में सत्ताधारी कांग्रेस का गणित बदल गया है।

68 सदस्यीय विधानसभा में वर्तमान में कांग्रेस के 34 व भाजपा के 25 विधायक हैं । कांग्रेस के छह विधायक अयोग्य घोषित किए गए हैं, ये सभी अब भाजपा के टिकट पर उपचुनाव लड़ रहे हैं। तीन निर्दलीय भी भाजपा के हो लिए हैं, लेकिन उनके इस्तीफे स्वीकार नहीं किए हैं। ऐसे में विधानसभा में बहुमत के लिए 35 का आंकड़ा चाहिए।

दो विधायकों को उतारकर रोचक बनाया चुनाव

कांग्रेस ने अपने दो विधायकों को लोकसभा चुनाव के लिए मैदान में उतारकर मामला रोचक बना दिया है। शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में चारों संसदीय सीटों के लिए प्रत्याशियों पर मंथन किया गया। कांग्रेस ने इस बार टिकट आवंटन का तरीका बदला है। पुराने दिग्गज नेताओं के बजाय युवा चेहरों को चुनाव मैदान में उतारा गया है। इससे कांग्रेस ने युवा चेहरों को आगे लाया गया है। अन्य दो सीटों पर भी कांग्रेस युवाओं को मैदान में उतारेगी।

कांगड़ा-हमीरपुर पर मंथन

कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से आशा कुमारी के अलावा एक विधायक के नाम पर चर्चा की गई है। हालांकि, इस पर सहमति नहीं बन पाई, जिसके कारण प्रत्याशी की घोषणा नहीं की जा सकी। हमीरपुर संसदीय सीट से सतपाल रायजादा को टिकट देने की तैयारी थी। पहले हुई बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी थी, लेकिन केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में अंतिम मुहर नहीं लग पाई। बताया जा रहा है कि यहां से किसी युवा महिला पर पार्टी दांव खेल सकती है।

विक्रमादित्य सिंह

17 अक्टूबर, 1989 को जन्मे विक्रमादित्य सिंह राज्य सरकार में लोक निर्माण विभाग के मंत्री हैं। वह दूसरी बार शिमला ग्रामीण से चुनाव जीते हैं। विधानसभा चुनाव में वह कांग्रेस के स्टार प्रचारक थे। उनके पिता स्वर्गीय वीरभद्र सिंह छह बार हिमाचल के मुख्यमंत्री रहे हैं, जबकि उनकी माता प्रतिभा सिंह मंडी से वर्तमान में सांसद व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हैं। विक्रमादित्य 2013 से 2018 तक हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे हैं। वह कांग्रेस के महासचिव भी हैं।

विनोद सुल्तानपुरी

तीन फरवरी, 1982 को जन्मे विनोद सुल्तानपुरी कसौली से पहली बार विधायक बने हैं। उनके पिता स्वर्गीय केडी सुल्तानपुरी शिमला संसदीय क्षेत्र से छह बार सांसद रहे हैं। विनोद सुल्तानपुरी ने वकालत की पढ़ाई की है। वह युवा कांग्रेस जिला सोलन के 2006-2008 तक अध्यक्ष रह चुके हैं। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक, राष्ट्रीय सचिव और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रह चुके हैं।

प्रतिभा सिंंह ने भी स्‍पष्‍ट किया नाम 

भाजपा ने मंडी सीट पर कंगना रनौत को उम्‍मीदवार के तौर पर उतारा हुआ है। कंगना को टक्‍कर देने के लिए कांग्रेस सीईसी ने विक्रमादित्‍य पर दांंव खेला है। हालांकि पहले मंडी सीट पर कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष प्रतीभा सिंह का नाम भी सामने आ रहा था।

वहीं प्रतीभा सिंह ने भी स्‍पष्‍ट कर दिया है कि कंगना के सामने कांग्रेस उनके बेटे विक्रमादित्‍य का नाम ही बना हुआ है। कांग्रेस सर्वे में भी लोक निर्माण मंत्री का नाम लिस्‍ट में सबसे आगे था। 

यह भी पढ़ें: Kangana Road Show: 'कांग्रेस है महिला और हिंदू विरोधी...', जोगेंद्रनगर में रोड शो के दौरान सुक्‍खू सरकार पर भड़कीं कंगना

दोनों के बीच आरोप-प्रत्‍यारोप का खेल जारी

हिमाचल में कंगना और विक्रमादित्‍य के बीच आरोप-प्रत्‍यारोप का खेल अभी भी जारी है। कांग्रेस नेता ने कंगना को पर अभद्र भाषा बोलने का आरोप लगाया था। इस पर कंगना ने भी उन पर पलटवार किया। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.