Mandi Forex Trading Case: शातिरों ने चंडीगढ़ में पंजीकृत करवाई थी QFX कंपनी, मामला दर्ज होने के बाद दुबई भागे तीनों आरोपित
Mandi Forex Trading Case हिमाचल प्रदेश में फॉरेक्स ट्रेडिंग मामले में सामने आया है कि शातिरों ने QFX कंपनी चंडीगढ़ में पंजीकृत करवाई थी। कंपनी 20 जुलाई 2021 को अस्तित्व में आई थी। कारोबार व्यवसाय सहायता सेवा गतिविधियां दर्शाया गया था। मंडी जिले के जोगेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के गुम्मा का रहने वाला राजेंद्र सूदविनीत कुमार व संतोष कुमार कंपनी के निदेशक हैं।
जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, गुजरात व गोवा में फॉरेक्स (विदेश मुद्रा) ट्रेडिंग करने के लिए शातिरों ने करीब ढाई साल पहले केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ में क्यूएफएक्स ट्रेड लिमिटेड कंपनी का पंजीकरण करवाया था। कंपनी 20 जुलाई 2021 को अस्तित्व में आई थी। कारोबार व्यवसाय सहायता सेवा गतिविधियां दर्शाया गया था।
मंडी जिले के जोगेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के गुम्मा का रहने वाला राजेंद्र सूद,विनीत कुमार व संतोष कुमार कंपनी के निदेशक हैं। थाना बल्ह में धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने के बाद तीनों दुबई भाग गए हैं। शातिरों के विरुद्ध आठ नवंबर को मामला दर्ज हुआ था। उसी दिन तीनों दिल्ली में थे। पुलिस ने अब तीनों की तलाश में लुक आउट नोटिस जारी किया है। फारेक्स ट्रेडिंग के नाम पर शातिरों ने 210 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है।
यह भी पढ़ें: Forex Trading Case: शातिरों ने निवेशकों को दे रखे थे फर्जी पोस्ट डेटेड चेक, 210 करोड़ धोखाधड़ी का मामला
समाज सेवी बनता फिरता था राजेंद्र सूद
राजेंद्र सूद अपने घर के बजाय चंडीगढ़,जीरकपुर व मंडी में ज्यादा रहता था। वह खुद को द्रंग व जोगेंद्रनगर हलके की जनता में समाज सेवी के रूप में पेश करता था। कुछ माह पहले हरडगलू मेला में बतौर मुख्यअतिथि शिरकत की थी। वहां आयोजकों को अपनी ओर से एक लाख रुपये की राशि दी थी। जोगेंद्रनगर में दो खेलकूद गतिविधियों में मुख्यअतिथि के रूप में शामिल हुआ था। उसका भाई कबाड़ का काम करता है।
राजस्व विभाग से मांगी गई संपत्ति की जानकारी
पुलिस ने राजस्व विभाग से राजेंद्र सूद,अन्य शातिरों व उनके स्वजनों की संपत्ति की जानकारी मांगी है। शातिरों के नाम कई लग्जरी वाहन पंजीकृत हैं। पुलिस ने उन्हें अपने कब्जे में लेने की तैयारी कर ली है।
एक साल पहले बीएसएल कालोनी में करवाया था कार्यक्रम
शातिरों ने निवेशकों को लुभाने के लिए गत वर्ष सितंबर में बीएसएल कालोनी के स्कूल मैदान में एक कार्यक्रम का आयोजन करवाया था। इसमें हिमाचली,पंजाबी गायकों के अलावा दुबई से एक गायक को बुलाया था। शातिरों ने समाज सेवी बनने का नाटक कर यहां रक्तदान शिविर का आयोजन किया था। पड़ोसी राज्यों से भी निवेशक बुलाए गए थे।
पुलिस ने राजेंद्र सूद के बारे में जानकारी मांगी थी। वह अपने परिवार के साथ कई साल से चंडीगढ़ में रहते हैं। गुम्मा में उनका भाई रहता है। -रूमा देवी, प्रधान ग्राम पंचायत गुम्मा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।