Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    CM सुक्खू ने कई विशिष्ट हस्तियों को ‘प्रेरणा स्रोत’ और ‘हिमाचल गौरव’ पुरस्कारों से किया सम्मानित, हिम भोग प्रोडक्ट्स को किया लॉन्च

    Updated: Fri, 15 Aug 2025 04:39 PM (IST)

    स्वतंत्रता दिवस पर मंडी के सरकाघाट में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ‘प्रेरणा स्रोत’ और ‘हिमाचल गौरव’ पुरस्कार प्रदान किए। हिम भोग गेहूं का आटा जैसे रसायनमुक्त उत्पाद लॉन्च किए गए। प्रो. हिम चटर्जी डॉ. राम स्वरूप शांडिल और प्रो. प्रेम कुमार खोसला ‘प्रेरणा स्रोत’ पुरस्कार से सम्मानित हुए। चंद्ररेखा डढवाल शालिनी वत्स और डॉ. लाल सिंह को ‘हिमाचल गौरव’ मिला।

    Hero Image
    CM सुक्खू ने कई विशिष्ट हस्तियों को पुरस्कारों से किया सम्मानित। फोटो जागरण

    जागरण संवाददाता, मंडी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडी जिला के सरकाघाट में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश की विशिष्ट हस्तियों को ‘प्रेरणा स्रोत’ और ‘हिमाचल गौरव’ पुरस्कारों से सम्मानित किया।

    समारोह में उन्होंने हिम भोग गेहूं का आटा, हिम भोग दलिया और हिम भोग हल्दी जैसे रसायनमुक्त उत्पाद भी लांच किए। ये सभी उत्पाद प्राकृतिक रूप से उगाई गई फसलों से तैयार किए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध और स्वास्थ्यवर्धक सामग्री उपलब्ध करवाई जा सके।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ‘प्रेरणा स्रोत’ पुरस्कार से नवाजे गए तीन हस्तियां

    समारोह में मुख्यमंत्री ने शिमला के प्रो. हिम चटर्जी को कांगड़ा मिनिएचर पेंटिंग को पुनर्जीवित करने और नई दिल्ली स्थित प्रगति मैदान सुरंग में दुनिया के सबसे लंबे सार्वजनिक आर्टवर्क के लिए सम्मानित किया।

    लोक, शास्त्रीय, गजल, भजन और समूहगान विधाओं में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट योगदान के लिए शिमला के डॉ. राम स्वरूप शांडिल को पुरस्कृत किया गया। वहीं, वानिकी शिक्षा में अग्रणी योगदान, जिसमें बीएससी., एमएससी और पीएचडी. कार्यक्रम शुरू करना शामिल है, के लिए सोलन स्थित शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. प्रेम कुमार खोसला को सम्मान मिला।

    ‘हिमाचल गौरव’ पुरस्कार के विजेता

    धर्मशाला की चंद्ररेखा डढवाल को साहित्यिक योगदान के लिए, कुल्लू के सेउबाग की शालिनी वत्स को दृष्टिबाधित, दिव्यांगजनों, महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण में योगदान के लिए तथा छोटा शिमला के डॉ. लाल सिंह को सतत आजीविका, जैव विविधता संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा और कृषि नवाचार पर 50 से अधिक परियोजनाओं का नेतृत्व करने के लिए सम्मानित किया गया।

    सिविल सेवा पुरस्कार और सामाजिक योजनाओं के लाभ

    राज्य स्तरीय सिविल सेवा पुरस्कार 2025 ग्रामीण विकास विभाग के राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी कुल्लू को प्रदान किया गया।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सरकाघाट और धर्मपुर क्षेत्र के पांच लाभार्थियों को मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत विवाह अनुदान के रूप में 2-2 लाख रुपये दिए।

    साथ ही, सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के 11 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री विधवा एवं एकल नारी आवास योजना के अंतर्गत गृह निर्माण की पहली किस्त के रूप में 1.5-1.5 लाख रुपये प्रदान किए। शेष राशि आवास की छत का कार्य पूरा होने पर दी जाएगी।

    आपदा राहत में योगदान देने वालों को भी मिला सम्मान

    मुख्यमंत्री ने इस वर्ष मंडी जिले में आई आपदा के दौरान युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य में योगदान देने वाले विभिन्न विभागों के 42 अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया। समारोह में प्रदेश की उपलब्धियों के साथ आपदा प्रबंधन में सामूहिक प्रयासों की सराहना की गई।