Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    VIDEO: मंडी से मनाली तक 110 KM लंबे हाईवे पर चार दिन से फंसे हजारों वाहन, प्रशासन ने जारी की एडवायजरी

    Manali Highway भारी बारिश के कारण मंडी के पास पंडोह में चंडीगढ़-मनाली फोरलेन का एक बड़ा हिस्सा बह गया जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। कैंची मोड़ पर सड़क धंसने से दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए हैं और यात्री मार्ग बहाली का इंतजार कर रहे हैं। पंडोह डैम के पास हुई इस घटना से दयोड़ गांव में दहशत का माहौल है।

    By Jagran News Edited By: Rajesh Kumar Sharma Updated: Thu, 28 Aug 2025 01:03 PM (IST)
    Hero Image
    मनाली हाईवे पर मंडी में फंसे वाहन। जागरण

    जागरण टीम, (मंडी)। Manali Highway, मनाली-कीरतपुर फोरलेन चार दिन से बंद है। मंडी से मनाली तक 110 किलोमीटर हिस्से में जगह-जगह वाहन फंसे हुए हैं। तीन दिन लगातार हुई बारिश ने मनाली में फोरलेन का नामोनिशान मिटा दिया है। जहां टोल प्लाजा है, वहां पर ब्यास नदी बह रही है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मंडी में आधी रात को पंडोह डैम के पास हुई मूसलाधार वर्षा ने तबाही मचा दी। यहां फोरलेने का 100 मीटर हिस्सा धंसने से मुश्किल बढ़ गई है। अब हाईवे को बहाल होने में लंबा समय लग सकता है। 

    मंडी से कुल्लू तक जगह-जगह फंसे ट्रक व अन्य वाहनों में सवार लोग सड़क पर बैठकर यातायात बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों, मंदिर व गुरुद्वारा की ओर से इनके लिए खाने की व्यवस्था की जा रही है। 

    थलौट में 90, नागचला में 450, पंडोह में 600, नौ मील में 400 और बनाला में 250 वाहन मंडी में ही फंसे हैं। इसके अलावा कुल्लू जिला में भी सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं। 

    प्रशासन ने जारी की एडवायजरी

    फोरलेन पर फंसे ट्रक चालकों व अन्य वाहनों के लिए पुलिस प्रशासन ने एडवायजरी जारी की है। पुलिस ने गाड़ी में अनाउंसमेंट की है कि अभी हाईवे को बहाल होने में काफी समय लगेगा। वाया कटौला वाहन बहाल किया जाएगा, लेकिन इसमें छोटे वाहन ही जाएंगे। ट्रकों में सब्जी व फलों को छोटे वाहनों में लोड कर दें। 

    यह भी पढ़ें- Manali Highway: वैकल्पिक मार्ग से निकलेंगे मनाली हाईवे पर फंसे छोटे वाहन, प्रशासन ने तय किए स्लॉट; हेल्पलाइन नंबर जारी

    तेज वर्षा के धमाकों की आवाज और धंस गया फोरलेन

    तेज वर्षा के बीच अचानक धमाकों जैसी आवाजें गूंजीं, जिससे दयोड़ गांव के लोग सहम गए। देखते ही देखते कैंची मोड़ पर कीरतपुर-मनाली फोरलेन का बड़ा हिस्सा ताश के पत्तों की तरह बह गया और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं और लोग मार्ग बहाली का इंतजार कर रहे हैं। पंडोह में दोनों ओर वाहन फंसे हुए हैं। 

    डर के साए में गुजरी रात

    दयोड़ गांव के निवासी यादवेंद्र ठाकुर ने बताया कि वर्षा इतनी तेज थी कि छाता लेकर भी बाहर निकलने की संभावना नहीं थी। आसमान से बरसते पानी और पहाड़ से गिरते मलबे की गड़गड़ाहट धमाकों जैसी प्रतीत हो रही थी। उन्होंने कहा कि इस तरह का भयावह नजारा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा।

    मलबे की चपेट में आए तीन वाहन

    वर्षा के दौरान फोरलेन से गुजर रहे तीन वाहन मलबे की चपेट में आ गए। एक चालक बैक करते हुए वाहन को नाली में ले गया। गनीमत रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। वाहन चालकों ने बताया कि यह मंजर बेहद डरावना था और जान बचाने के लिए उन्हें भागना पड़ा।

    प्रशासन और एनएचएआई सक्रिय

    पंडोह पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कटोच ने बताया कि जहां फोरलेन धंसा है, वहां एनएचएआई की मशीनरी लगाकर मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। स्थिति का आकलन करने के बाद अस्थायी मार्ग तैयार करने पर विचार किया जा रहा है। लेकिन नुकसान इतना ज्यादा है कि सड़क को बहाल करने में समय लगेगा। फिलहाल मंडी से पंडोह तक यातायात सुचारू है, लेकिन कैंची मोड़ के आगे फोरलेन पूरी तरह बंद पड़ी है।

    दरारों से जकड़ा फोरलेन

    जानकारी के अनुसार, फोरलेन का जो हिस्सा बचा है उसमें भी बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं। इससे सड़क की मजबूती को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन और एनएचएआई की टीमें मौके पर स्थिति की लगातार समीक्षा कर रही हैं और बहाली की संभावनाएं तलाश रही हैं।

    लोगों में दहशत, यात्री परेशान

    वर्षा और फोरलेन धंसने की इस घटना से दयोड़ गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। वहीं सड़क पर फंसे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि फोरलेन कब तक बहाल होगी और उन्हें राहत मिलेगी।

    यह भी पढ़ें- हिमाचल में खस्ताहाल फोरलेन से टोल टैक्स वसूलने का मामला विधानसभा में गूंजा, आज बैठक लेंगे अध्यक्ष

    यह भी पढ़ें- पौंग बांध का जलस्तर और बढ़ा; आज 1.10 लाख क्यूसेक पानी छोड़ेगा BBMB, पंजाब व कांगड़ा के लिए अलर्ट