Himachal Disaster: हिमाचल में बाढ़ और भूस्खलन से तबाही, जमीन में धंस गई गाड़ियां; दो हाईवे सहित 583 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी (Himachal Rain and Snowfall) से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कुल्लू जिले के निचले इलाकों में अचानक आई बाढ़ ने तबाही मचा दी है। कई वाहन बह गए और कुछ कीचड़ में फंस गए। भूस्खलन के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी है।
एएनआई, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में इस दौरान बर्फबारी और बारिश से हालात ठीक नहीं है। प्रदेश के कुल्लू जिले के निचले इलाकों में लगातार मूसलाधार बारिश (Himachal Rain and Snowfall) के कारण अचानक बाढ़ आ गई। इस कारण कई वाहन बह गए और कुछ कीचड़ में फंस गए। बारिश के कारण कई इलाकों में भूस्खलन भी हुआ है।
क्षेत्र से प्राप्त ताजा तस्वीरों में अचानक आई बाढ़ के बाद गहरे कीचड़ में फंसे वाहन दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के साथ-साथ कुल्लू जिले के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है।
फोटो कैप्शन: भूस्खलन के बाद इस तरह वाहन जमीन में धंस गए (पीटीआई)
हिमाचल में 583 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने शुक्रवार को कहा था कि बर्फबारी और बारिश के कारण राज्य में पांच राष्ट्रीय राजमार्गों सहित कुल 583 सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। यही कारण है कि प्रदेश में आने वाले पर्यटक भी अधर में फंस गए हैं। जानकारी के मुताबिक, हिमाचल में कुल 2263 वितरण ट्रांसफार्मर (डीटीआर) बंद हैं, जिससे कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।
फोटो कैप्शन: कुल्लू में बाढ़ के बाद के हालात (एजेंसी पीटीआई)
प्राधिकरण के अनुसार, शुक्रवार तक 279 जलापूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं, जिससे कई क्षेत्रों में आवश्यक सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को लोगों से नदियों और नालों से दूर रहने का आग्रह किया, क्योंकि कुल्लू जिले सहित राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी हो रही है।
यह भी पढ़ें- Weather Updates: कश्मीर-हिमाचल में हिमपात और वर्षा ने बढ़ाई मुश्किलें, मुख्य सड़कें बंद; पढ़ें अन्य राज्यों का हाल
क्या बोली सीएम सुक्खू?
मुख्यमंत्री ने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया। पत्रकारों से बात करते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि मैं सुबह से ही स्थिति का जायजा ले रहा हूं। सभी लोगों से अनुरोध है कि वे सतर्क रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। नदियों और नालों से दूर रहें।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कुल्लू घाटी में भारी बारिश के कारण जिले में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति पैदा हो गई है, इसलिए अधिकारियों को बिजली परियोजना के एक बांध के द्वार खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
मैंने कुल्लू, लाहौल और स्पीति के उपायुक्तों से बात की है। हम बारिश का स्वागत करते हैं, लेकिन कुल्लू में भारी बारिश हुई है। हमने बिजली परियोजना के एक बांध के द्वार खोलने के निर्देश दिए हैं।
-सुखविंदर सिंह सुक्खू, हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री
लाहौल और स्पीति के ऊपरी हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की सूचना मिली है। शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों सहित राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। कुल्लू के उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने लोगों से जल स्तर कम होने तक घरों के अंदर रहने की अपील की है।
रविश ने कहा, 'पिछले 15-16 घंटों से हो रही बारिश के कारण कई संपर्क मार्ग और बाएं किनारे की मुख्य सड़क अवरुद्ध हो गई है। मैं लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे जहां हैं वहीं रहें, क्योंकि नदियों और नालों में भी जलस्तर बढ़ गया है। अचानक भूस्खलन के कारण नदी में पानी का बहाव बढ़ सकता है।
मनाली और कुल्लू में बिजली बहाल करने का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि मनाली में एक फुट बर्फबारी की खबर है। भारी बारिश के कारण आज जिले में शैक्षणिक संस्थान बंद हैं। जलोरी की ओर से मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।