विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Pong Dam: पौंग बांध का जलस्तर खतरे के निशान से पांच फीट ऊपर, कांगड़ा से लेकर पंजाब तक अलर्ट

Published: Wed, 17 Sep 2025 01:19 PM (IST)

Pong Dam कांगड़ा में पौंग बांध का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुँच गया है जिससे पंजाब और कांगड़ा ...और पढ़ें

पौंग बांध का जलस्तर बढ़ने के कारण छोड़ा जा रहा पानी। जागरण
पौंग बांध का जलस्तर बढ़ने के कारण छोड़ा जा रहा पानी। जागरण

जागरण टीम, फतेहपुर (कांगड़ा)। Pong Dam, हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में स्थित पौंग बांध का जलस्तर 1395.23 फीट तक पहुंचा गया है, जो खतरे के निशान से 5.23 फीट अधिक है। पौंग बांध में खतरे का निशान 1390 फीट है। यह बुधवार सुबह का आंकड़ा है।

पौंग बांध के बढ़ते जलस्तर के कारण पंजाब के पांच जिलों सहित कांगड़ा के फतेहपुर और इंदौरा उपमंडल के लोगों में दहशत का माहौल है। पौंग बांध से ब्यास नदी में पानी छोड़ने के कारण ये क्षेत्र जलमग्न हो रहे हैं। 

बांध में बढ़ते जलस्तर के कारण बीबीएमबी पानी छोड़ने की मात्रा में बढ़ोतरी कर रहा है। बांध में बुधवार सुबह इनफ्लो 67377 क्यूसेक और आउटफ्लो 59845 क्यूसेक रहा। हालांकि इनफ्लो कम होने से थोड़ी राहत जरूर मिली है। लेकिन निचले क्षेत्र के लिए अलर्ट जारी किया गया है। 

मंगलवार सुबह 1,60,369 क्यूसेक था इनफ्लो

मंगलवार सुबह नौ बजे बांध का जलस्तर 1393.88 फीट दर्ज किया गया था, जबकि इनफ्लो 1,60,369 क्यूसेक तक पहुंचा। सायं छह बजे जलस्तर 1394.90 फीट और इनफ्लो 1,08,944 क्यूसेक था। 16 सितंबर 2023 को बांध का जलस्तर 1387.52 फीट, 17 सितंबर 2023 को 1387.73 फीट, 16 सितंबर 2024 को 1365.58 फीट व 17 सितंबर 2024 को 1365.43 फीट था।

पिछले 24 घंटों में नगरोटा सूरियां में 135.20, हरसर में 108, हरिपुर में 62.80 व गुलेर में 54.20, पालमपुर में 48.60 व बैजनाथ में 52 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। 

दहशत में हैं लोग

बीबीएमबी प्रशासन ने बांध से पानी को नियंत्रित तरीके से छोड़ा। लोगों ने बताया कि कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न हैं। लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं। निचले क्षेत्रों में पानी एकत्र हो गया है। इससे बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत हो रही है। कई स्कूलों व घरों में पानी घुसने की संभावना है। लोगों ने प्रशासन से पानी छोड़ने की समय पर जानकारी देने और आपात स्थिति में बचाव के लिए तत्पर रहने की अपील की है। 

यह भी पढ़ें- Himachal Weather: हिमाचल में मानसून की वर्षा और नुकसान ने तोड़े रिकाॅर्ड, चार राज्यों से हुई विदाई, कब मिलेगी राहत?

राहत एवं बचाव दल तैयार 

प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है। प्रभावित पंचायतों और गांवों में अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। राहत एवं बचाव दल हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।

-विश्रुत भारती, एसडीएम फतेहपुर।

यह भी पढ़ें- Himachal: पैसों के लिए इकलौते बेटे ने कर दी मां की हत्या, गुनाह छिपाने के लिए रची ऐसी साजिश कि पुलिस को भी उलझा दिया