Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Maya Sharma: कौन हैं माया शर्मा जिन्हें बड़सर से बलदेव और बबली की दावेदारी दरकिनार कर मिला टिकट

    By Jagran NewsEdited By: Virender Kumar
    Updated: Thu, 20 Oct 2022 04:40 PM (IST)

    Maya Sharma बड़सर के दशकों पुराने राजनीतिक इतिहास में भाजपा ने पहली बार किसी महिला को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा है। पूर्व विधायक एवं जिला भाजपा अध्यक्ष बलदेव शर्मा इसी सीट से तीन बार लगातार चुनाव जीतकर विधायक रहे।

    Hero Image
    Maya Sharma: माया शर्मा को इस बार बड़सर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने टिकट दिया है।

    हमीरपुर, जागरण संवाददाता। Maya Sharma, हमीरपुर जिला से भाजपा की आखिरी टिकट का भी भाजपा हाईकमान ने वीरवार को एलान कर दिया है। बड़सर से इस बार पूर्व विधायक बलदेव शर्मा की पत्नी माया शर्मा को टिकट मिला है। बड़सर के दशकों पुराने राजनीतिक इतिहास में भाजपा ने पहली बार किसी महिला को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा है। पूर्व विधायक एवं जिला भाजपा अध्यक्ष बलदेव शर्मा इसी सीट से तीन बार लगातार चुनाव जीतकर विधायक रहे और लंबे समय से पार्टी में सक्रिय हैं। इस बार पार्टी ने उनकी जगह उनकी पत्नी माया शर्मा को टिकट दिया है। हालांकि पूर्व भाजपा नेता दिवंगत राकेश बबली के भाई संजीव बबली भी इस बार टिकट के दावेदार थे, लेकिन उन्हें खाली हाथ ही रहना पड़ा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    महिला मोर्चा की सदस्य हैं माया

    माया शर्मा वर्तमान में महिला मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य हैं और वह दो बार जिला भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। माया शर्मा की इस विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं में अच्छी पैठ भी है जिसका पार्टी अब उन्हें चुनाव में उतारकर फायदा उठाना चाह रही है। करीब एक सप्ताह पहले ही बड़े स्तर का महिला सम्मेलन यहां किया गया, जिसमें केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर ने शिरकत करके चुनावी शंखनाद किया था।

    इंद्र दत्त लखनपाल से होगी मुकाबला, कल भरेंगी नामांकन

    कांग्रेस के वर्तमान विधायक इंद्र दत्त लखन पाल से अब उनका सीधा मुकाबला होगा। माय शर्मा शुक्रवार को बड़सर में नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। वहां एक जनसभा का भी आयोजन किया जाएगा। इस बार बड़सर में टिकट की दावेदारी को लेकर कई लोगों के नाम चल रहे थे, लेकिन अंत में माया शर्मा के नाम पर ही पार्टी हाईकमान ने मुहर लगाकर उन्हें चुनाव मैदान में उतारा है। हालांकि इससे उनके विरोधियों को भी काफी झटका लगा है। बलदेव शर्मा यहां लगातार तीन बार विधायक रह चुके हैं और पिछले दो चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ रहा था। लिहाजा उन्हें टिकट देने को लेकर काफी जद्दोजहद चल रही थी।

    यह है खूबी

    माया शर्मा को उनके व्यवहार को लेकर महिलाओं में काफी पसंद किया जाता है और इसका फायदा पार्टी यहां जीत को सुनिश्चित करके पक्का करना चाह रही है। माया शर्मा ने इस मौके पर कहा कि राष्ट्रीय हाईकमान और प्रदेश संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है उसके लिए वह उनकी आभारी रहेंगी। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप आदि का आभार जताया है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं चलाई खास करके महिलाओं को एक के बाद एक योजनाएं देकर उन्हें घर बैठे सुविधाएं दी गई है। जनता भाजपा को जिताकर एक बार फिर से बड़सर में इतिहास रचेंगी।

    comedy show banner
    comedy show banner