कांगड़ा में जमीन विवाद के चलते व्यक्ति पर दराट से जानलेवा हमला, 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
कांगड़ा के राजा का तालाब में जमीन विवाद के चलते एक व्यक्ति पर दराट से हमला किया गया। 57 वर्षीय करनैल सिंह गंभीर रूप से घायल हैं और अमृतसर के अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घायल की बेटी के अनुसार गांव के ही चार लड़कों ने उसके पिता पर हमला किया।

संवाद सूत्र, राजा का तालाब (कांगड़ा)। पुलिस थाना जवाली के तहत बनोली पंचायत में जमीन विवाद में एक व्यक्ति पर दराट से हमला किया गया है। गंभीर रूप से घायल 57 वर्षीय करनैल सिंह को अमृतसर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है।
वीरवार रात करनैल सिंह घर में सोया था कि कुछ लोगों ने उसकी गर्दन पर दराट से हमला कर दिया। घटना के बाद स्वजन घायल को अमृतसर के एक निजी अस्पताल ले गए। करनैल सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस बाबत सूचना मिलते ही पुलिस थाना जवाली की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। साथ ही फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
घायल व्यक्ति की बेटी ने बताया कि वह वीरवार रात कमरे में सोई थी तो अचानक पिता के चिल्लाने की आवाज आई। बेटी के अनुसार गांव के ही चार लड़के पिता की पिटाई कर रहे थे। पिता की गर्दन पर दराट से हमला करने के बाद लड़के भाग गए और खून से सना दराट और स्कूटी छोड़ गए हैं।
लड़की ने भागते हुए आरोपितों का वीडियो बनाया है। पुलिस ने घायल की पत्नी बीना देवी, बेटी किरण और स्वजन के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक रत्न ने इस मामले में बताया कि पुलिस ने चार युवकों के विरुद्ध मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।