Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Chamba Landslide: चंबा में देखते ही देखते दरक गया पूरा पहाड़, लोगों ने भागकर बचाई जान, वीडियो देखिए

    By Rajesh Kumar SharmaEdited By:
    Updated: Wed, 03 Aug 2022 09:54 AM (IST)

    Chamba Landslide Video हिमाचल प्रदेश में बरसात के मौसम भूस्‍खलन होना आम बात है। लेकिन चंबा में पूरा का पूरा पहाड़ ही दरक गया लोगों को भागकर जान बचानी ...और पढ़ें

    पठानकोट-बनीखेत-लचोड़ी-सलूणी मार्ग पर कोटी पुल के साथ लगती पहाड़ी इस तरह दरक गई।

    सलूणी (चंबा), संवाद सहयोगी। Chamba Landslide Video, हिमाचल प्रदेश में बरसात के मौसम भूस्‍खलन होना आम बात है। लेकिन चंबा में पूरा का पूरा पहाड़ ही दरक गया, लोगों को भागकर जान बचानी पड़ी। पठानकोट-बनीखेत-लचोड़ी-सलूणी मार्ग पर कोटी पुल के साथ लगती पहाड़ी दरक गई, जिस कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप पड़ गई है। पहाड़ी मंगलवार देर शाम को दरकी। बुधवार को लोक निर्माण विभाग की ओर से मार्ग पर गिरे मलबे व चट्टानों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मंगलवार शाम को उक्त स्थान पर पत्थरों का गिरना शुरू हो गया था। थोड़ी-थोड़ी देर में पहाड़ी की ओर से पत्थर गिर रहे थे, जबकि पहाड़ी में आई दरार का आकार भी धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा था। इस दौरान कई वाहन चालक जान को जोखिम में डालकर आवाजाही करते रहे। इसी बीच जब पहाड़ी से भूस्खलन तेज हो गया तो वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई।

    इसके बाद देखते ही देखते पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा मार्ग व चमेरा-एक के जलाशय में गिर गया। भूस्खलन इतना भयानक था कि चमेरा-एक के जलाश्य का पानी भी कई फीट ऊपर तक उछला तथा समुंद्र की तरह लहरें बन गईं। ऐसे में आसपास मौजूद लोगों की सांसें अटक गईं। कई लोगों ने इस भयानक मंजर को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। साथ ही सीटियों व जोर-जोर से आवाजें लगाई, ताकि कोई भी व्यक्ति भूस्खलन प्रभावित स्थान की ओर न जाए। मार्ग पर भूस्खलन के बाद अब चंबा मुख्यालय की ओर से लचोड़ी, भलेई व सालवां की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद पड़ गई है। जबकि, सलूणी मुख्यालय भी जिला से कट गया है।

    गौरतलब है कि सलूणी-सुंडला-चंबा मार्ग पर कैला मोड़ के समीप बीते सप्ताह शुक्रवार को भारी भूस्खलन हुआ था, जिस कारण यहां से वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। हालांकि, सलूणी से जिला मुख्यालय के लिए बड़े वाहनों की आवाजाही वाया हुट्टा-लचोड़ी हो रही थी। लेकिन, अब दोनों तरफ से मार्ग पर भूस्खलन होने के कारण आवाजाही ठप पड़ गई है। बहरहाल, बुधवार को लोक निर्माण विभाग की ओर से मार्ग को बहाल करने के लिए मशीनरी लगा दी गई है। ऐसे में लोगों को मार्ग के जल्द बहाल होने की उम्मीद जगी है।

    लोक निर्माण विभाग मंडल सलूणी के अधिशाषी अभियंता दीपक महाजन का कहना है लचोड़ी से सलूणी व जिला मुख्यालय चंबा के लिए जाने वाले मार्ग पर कोटी पुल के साथ पहाड़ी दरकने के कारण वाहनों की आवाजाही बंद पड़ गई है। लोक निर्माण विभाग की ओर से मार्ग को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।