Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Heavy Rain in Himachal: 117 मकान मलबे में ढहे, 79 पशुशालाएं ध्वस्त… रुक नहीं रहा बर्बादी की बारिश का तांडव

    By dinesh katochEdited By: Prince Sharma
    Updated: Tue, 15 Aug 2023 04:00 AM (IST)

    Heavy Rain in Himachal हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर जारी है। मूसलधार वर्षा से हिमाचल प्रदेश के जिलों में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। 43 कच्चे और पांच पक्के मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं। साथ ही 59 कच्चे और 10 पक्के मकान वर्षा की भेंट चढ़े हैं। इसके साथ ही 78 पशुशालाएं और एक दुकान भी क्षतिग्रस्त हुई है।

    Hero Image
    Heavy Rain in Himachal: 117 मकान मलबे में ढहे, 79 पशुशालाएं ध्वस्त

    कोटला, संवाद सूत्र। मूसलधार वर्षा से हिमाचल प्रदेश के जिलों में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। 43 कच्चे और पांच पक्के मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं। साथ ही 59 कच्चे और 10 पक्के मकान वर्षा की भेंट चढ़े हैं। इसके साथ ही 78 पशुशालाएं और एक दुकान भी क्षतिग्रस्त हुई है। बेघर हुए परिवारों के रहने की व्यवस्था प्रशासन ने कर दी है। साथ ही कुछ लोगों को फौरी राहत भी मुहैया करवा दी गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राजोल पंचायत में एक मकान गिरा, छह में आई दरारें

    उपतहसील कोटला के तहत पंचायत राजोल में भूस्खलन से जर्म सिंह पुत्र हैलात चंद का मकान जमींदोज हो गया है। साथ ही गांव के अशोक पुत्र पुरुषोत्तम, बसंत पुत्र मचला राम, भानी राम पुत्र मचला राम, मोतीराम पुत्र रावण, उत्तम चंद, रोशन लाल पुत्र सरन दास के मकानों में दरारें आ गई हैं।

    Heavy Rain in Himachal: हमीरपुर के सुजानपुर में बारिश का कहर, पानी में डूबा शहर; एक प्रवासी की मौत

    सोमवार सुबह मकानों से कुछ अजीब सी आवाज आनी शुरू हुई तो लोग मवेशियों को खुला छोड़कर भाग गए। अभी लोग निकले ही थे कि एक मकान में जमींदोज हो गया। इसके अलावा साथ लगते 12-13 मकानों को खतरा पैदा हो गया है। प्रशासन ने लोगों को उक्त जगह पर न जाने की हिदायत दी है। पंचायत प्रधान व पीड़ित लोगों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।

    नायब तहसीलदार कोटला सीताराम ने पीड़ित उत्तम चंद और रोशन लाल को पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत दी। एसडीएम जवाली महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मकानों को खाली करवा दिया है व फौरी राहत भी दे दी जाएगी।

    नूरपुर की मिंजग्रां पंचायत में छह मकान क्षतिग्रस्त

    संवाद सहयोगी, नूरपुर: नूरपुर की मिंजग्रां पंचायत के मूंगनियाला गांव में वर्षा से तीन पक्के व तीन कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सागर सिंह, ठाकुर सिंह व प्रकाश चंद के पक्के व रानी देवी, नेक राम व पुन्नो देवी के कच्चे मकान वर्षा की भेंट चढ़े हैं। तहसीलदार राधिका ने सोमवार को मूंगनियाला गांव का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से टेंट प्रदान किए। उन्होंने बताया कि पटवारी को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।

    इच्छी में वर्षा की भेंट चढ़ा स्लेटपोश मकान

    संवाद सहयोगी, गगल: इच्छी गांव में पवन कुमार का दो मजिला स्लेटपोश मकान वर्षा की भेंट चढ़ा है। पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि आइआरडीपी से संबंधित इस परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

    धलूं पंचायत में पशुशाला ढही

    संवाद सहयोगी, योल: नगरोटा बगवां विकास खंड के तहत धलूं पंचायत में सोमवार को पशुशाला ढह गई और मलबे की चपेट में दो बैल आ गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बैलों को निकाला। पंचायत प्रधान आशा देवी ने पीड़ित शेर सिंह को आर्थिक मदद देने की प्रशासन से गुहार लगाई है।

    पंचरुखी के लम्लेहड़ में मकान व पशुशाला ध्वस्त

    संवाद सूत्र, पंचरुखी: पंचरुखी के लम्लेहड़ में मुंशी राम के मकान का हिस्सा गिर गया। मुंशी राम और उसके भाई जगो राम का मकान क्षतिग्रस्त हुआ है। रविवार रात दो बजे मकान गिरने की आवाजें आने लगी तो भीतर सोये लोग बाहर निकल गए। इतने में मकान का एक हिस्सा गिर गया। सूचना मिलने के बाद पटवारी पूजा देवी ने मौके पर जायजा लिया। इसके अलावा लम्लेहड़ के ही सतपाल की पशुशाला भी वर्षा की भेंट चढ़ी है।

    करडियाल गांव में रसोईघर व पशुशाला ढही

    संवाद सूत्र, भरमाड़: जवाली उपमंडल के तहत करडियाल गांव के वार्ड सात में पशुशाला व रसोईघर वर्षा की भेंट चढ़े हैं। अमरजीत सिंह बरामदे में सोया था कि करीब 12 बजे रसोईघर व पशुशाला गिर गई। पंचायत प्रधान जीवन लाल ने अमरजीत सिंह को सहायता देने की मांग उठाई है। एसडीएम जवाली महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार को प्रशासन की तरफ से आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

    आलमपुर पुल का डंगा व ठेहडू में पशुशाला ढही

    संवाद सहयोगी, जयसिंहपुर: ब्यास का जलस्तर बढ़ने से आलमपुर पुल का ढंगा ढह गया है और इस कारण पुल खतरे की जद में आ गया है। वहीं लंबागांव के ठेहडू में रामसिंह की पशुशाला ल्हासा गिरने से ध्वस्त हो गई है। मलबे में पांच बकरियां दब गई व भैंस घायल हो गई। चंबी पंचायत में रामसिंह की पशुशाला का हिस्सा गिर गया। लोअर लंबागांव में पानी लोगों के मकानों में घुस गया। बसंती पतन में किनारे खड़ी कार ब्यास में आई बाढ़ में फंस गई थी।

    धंगढ़ पंचायत में 13 मकानों को हुआ नुकसान

    संवाद सूत्र, बिलासपुर: हरिपुर तहसील के तहत धंगढ़ पंचायत के गांवों में 13 लोगों के मकानों को नुकसान हुआ है। मकानों में दरारें आ गई हैं। मनोहर लाल, प्रकाश चंद, अमी चंद, जगदीश चंद, पवन कुमार, टिल्ला गांव से अश्वनी कुमार, मुल्तान सिंह, मिलाप सिंह, परषोतम लाल व ढियूं गांव के सतीश कुमार, कंचन कुमार, अशोक कुमार, संजय कुमार व पुरुषोत्तम के मकानों को नुकसान हुआ है।

    HP Rain: भारी बारिश ने हिमाचल में मचाया हाहाकार, सालोन में बादल फटने से सात लोगों की मौत; बह गया बागी पुल

    हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी कांगड़ा के पास हुआ भूस्खलन

    संवाद सहयोगी, कांगड़ा: कांगड़ा में हाउसिंग बोर्ड कालोनी के मंदिर के पास भूस्खलन से स्टोर व मंदिर का काफी हिस्सा चपेट में आ गया। कालोनी के साथ लगते बाईपास की ओर एक गाड़ी नीचे गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई।

    ब्यास के किनारे बसी 20 पंचायतों में अलर्ट जारी

    संवाद सहयोगी, जसवां परागपुर: जसवां परागपुर और देहरा विधानसभा क्षेत्र के तहत 20 पंचायतों में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। ये पंचायतें पौंग बांध के साथ लगती हैं। कौलापुर, कूहना, मनियाला, नाहन नगरोटा, नलेटी, लोअर सुनहेत, बड़ा, बीहण, घियोरी, बस्सी, जंबल, निचला भलवाल, नंगल चौक, डाडासीवा, लंडियाड़ा, कस्बा जागीर, रैल, बाड़ी, घमरूर व घाटी के लिए अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने उक्त पंचायतों के जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के अलावा पंचायत प्रधानों, उप प्रधानों व वार्ड सदस्यों से आग्रह किया है कि लोगों को ब्यास नदी के किनारे न जाने की सलाह दें।

    कैरी पंचायत में स्लेटपोश मकान व रैत में रसोईघर ढहा

    संवाद सूत्र, शाहपुर: उपमंडल शाहपुर के तहत कैरी पंचायत में व्यासो देवी का स्लेटपोश मकान व रैत में रोशन लाल का रसोईघर ढह गया है। मकरोटी पंचायत में दो पशुशालाएं ढही हैं। एसडीएम शाहपुर करतार चंद ने बताया कि नुकसान के आकलन के बाद ही पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

    देहरु में पहाड़ी दरकने से स्कूल में शिफ्ट किए 12 परिवार

    पंचरुखी: जयसिहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत पंचायत कोसरी के गांव देहरु में पहाड़ी दरकने लगी है और दरार बढ़ने लगी है। देहरु के वार्डपंच चंद्र ने बताया कि तहसीदार विजय देव ब्यास व पटवारी ने जायजा ले लिया है। लोगों की रहने की व्यवस्था स्कूल में कर दी है। प्रशासन ने 12 परिवारों के 35-40 लोगों के लिए स्कूल में राहत शिविर बना दिए हैं।

    नूरपुर उपमंडल में 59 भवन हुए क्षतिग्रस्त

    संवाद सहयोगी, नूरपुर: उपमंडल नूरपुर में 24 घंटे के दौरान 59 भवन प्रभावित हुए हैं व 29 लाख 21 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। एसडीएम गुरसिमर सिंह ने बताया कि आठ पक्के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। साथ ही नौ पक्के मकान आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा तीन कच्चे व 14 पशुशालाएं भी वर्षा की भेंट चढ़ी हैं।