Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल के पूर्व CM प्रेम कुमार धूमल के बड़े भाई रूप सिंह धूमल का निधन, 84 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

    मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बड़े भाई रूप सिंह धूमल के निधन पर गहरा दुख जताया है और प्रभावित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। रूप सिंह धूमल के निधन से हमीरपुर में शोक की लहर है।

    By Jagran NewsEdited By: Rajat MouryaUpdated: Wed, 14 Jun 2023 06:24 PM (IST)
    Hero Image
    प्रेम कुमार धूमल के बड़े भाई रूप सिंह धूमल का निधन, 84 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

    हमीरपुर, जागरण संवाददाता। धूमल परिवार के स्तंभ 84 वर्षीय रूप सिंह धूमल का लंबी बीमारी के बाद जालंधर में निधन हो गया, जिससे हमीरपुर जिला भी गहरे आघात मे है। रूप सिंह धूमल का जन्म समीरपुर गांव में पिता महंत राम व माता फुल्लमु देवी के घर में हुआ। अपने पीछे परिवार में पत्नी गीता धूमल व बेटा अरविंद धूमल सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वह दशकों पहले हमीरपुर से जालंधर नौकरी करने गए थे और वहीं पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और प्रसिद्ध उद्योगपतियों में शुमार हो गए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वह संत ग्रुप जालंधर के चैयरमैन व अखिल भारतीय लघु उद्योग भारती के उपाध्यक्ष थे। उन्होंने पूरे धूमल परिवार को संबल प्रदान किया और छोटे भाई प्रो प्रेम कुमार धूमल को राजनीति में लाने में अहम भूमिका भी निभाई। पूरा परिवार आज भी एक साथ रहता है और अनुराग ठाकुर व अरूण धूमल भी इनकी प्रेरणा से आगे बढ़े हैं।

    पिछले कुछ समय से बीमार थे रूप सिंह धूमल

    रूप सिंह धूमल के अस्वस्थ रहने के कारण पूरा परिवार चिंता में था और प्रो. प्रेम कुमार धूमल भी कई सप्ताह तक बड़े भाई की देखरेख के लिए जालंधर में रह रहे थे। कई बार रूप सिंह धूमल के स्वास्थ्य में सुधार भी हुआ, लेकिन पिछले कुछ दिनों से निरंतर सेहत बिगड़ती गई और बीते मंगलवार की रात वह लंबी यात्रा पर निकल गए।

    हमीरपुर जिला उनका पैतृक क्षेत्र है, जहां हर कोई उनके निधन से सदमे में है। जैसे ही उनके निधन की सूचना मिली तो हमीरपुर में सभी गमगीन हो गए और जालंधर स्थित आवास के लिए रवाना हो गए।

    सीएम सुक्खू ने जताया दुख

    पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के साथ सभी परिजन व गांव के सदस्य भी अंतिम संस्कार में भाग लेने के लिए जालंधर पहुंच गए। इधर, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बड़े भाई रूप सिंह धूमल के निधन पर गहरा दुख जताया है और प्रभावित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

    ये भी पढ़ें- Kullu BJP Rally: 'सुक्खू भाई 10 गारंटियां कहां गई, जनता पूछ रही है', हिमाचल के CM पर जयराम ठाकुर ने कसा तंज