Kullu BJP Rally: 'सुक्खू भाई 10 गारंटियां कहां गई, जनता पूछ रही है', हिमाचल के CM पर जयराम ठाकुर ने कसा तंज
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने एक भी चुनावी वादा पूरा नहीं किया है। कांग्रेस ने हिमाचल की जनता को धोखा दिया है।
कुल्लू, संवाद सहयोगी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कुल्लू में आयोजित बीजेपी के महाजनसंपर्क अभियान में कहा कि भारत कभी अपनी पहचान खो गया था, लेकिन आज दुनिया में भारत की एक अलग पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ वर्ष का सेवाकाल भारत के विकास में मील का पत्थर है। नौ सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वह कर दिखाया, जो पिछले 70 साल में नहीं हो पाया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के विकास की यह गाथा सभी क्षेत्रों में हुई है। आज पूरी दुनिया भारत का लोहा मान रही है। दुनिया के नेता भारत के प्रधानमंत्री का ऑटोग्राफ मांगते हैं, उन्हें बॉस कहते हैं।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि लाखों करोड़ रुपये के विकास कार्यों में एक नए पैसे का भ्रष्टाचार नहीं हुआ। कांग्रेस के समय में लाखों करोड़ का भ्रष्टाचार हुआ है। बड़े-बड़े नेता ने जेल की हवा खाई। 2014 और 2019 की तरह 2024 में भी हिमाचल प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चारों सीटों का तोहफा देगा।
जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार को घेरा
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस मौके पर सुक्खू सरकार को भी घेरा। उन्होंने पूछा कि आपकी 10 गारंटियां कहां हैं। जनता अब पूछ रही है, सुक्खू भाई 10 गारंटियां कहां गई, कब मिलेगी। कुल्लू के नेता का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें 1500 रुपये महिलाओं को देने का वादा किया था आज वह वादा उनको याद दिलाओ। सुक्खू सरकार छह महीने में सात हजार करोड़ का कर्ज ले चुकी है। प्रदेश एक हजार करोड़ के ओवरड्राफ्ट में है। प्रदेश की ट्रेजरी खाली है और प्रदेश में सारे विकास कार्य ठप पड़े हैं।
'सुक्खू सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया'
जयराम ठाकुर ने कहा कि पहले हो चुके विकास कार्यों का भुगतान नहीं हो रहा है। ऐसी स्थिति में प्रदेश में विकास कार्य कैसे होंगे। प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। सलूणी में एक युवक को बेरहमी से मारा गया। इस मामले में सरकार सख्त कदम उठाए और दोषियों को सजा दे। कांग्रेस द्वारा किए गए चुनावी वादों को सुक्खू सरकार ने पूरा नहीं किया है।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल की जनता के साथ धोखा किया है। प्रदेश में नौकरी देने के बजाय युवाओं को नौकरी से निकाला गया है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार के पास पैसा नहीं है कहने से काम नहीं चलेगा। आने वाले चुनावों में हिमाचल के लोग कांग्रेस पर ताला लगाकर कांग्रेस के धोखे का जवाब देंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।