Cloudburst In Himachal: चंबा के भट्टियात में बादल फटा, भूस्खलन की जद में आए दो गांव; 300 लोगों ने भागकर बचाई जान
Cloudburst In Himachal Pradesh चंबा हिमाचल प्रदेश के भट्टियात में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। जंद्रोग पंचायत के भगसियार व ढलियार गांव में बादल फटने से छह घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बाढ़ और भूस्खलन से दोनों गांव को खतरा पैदा हो गया है। भटियात में सबसे ज्यादा 182 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

जागरण टीम, चुवाड़ी (चंबा)। Cloudburst In Himachal Pradesh, हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। भट्टियात उपमंडल की पंचायत जंद्रोग के भगसियार व ढलियार गांवों में बादल फटने से घरों व अन्य भवनों को नुकसान हुआ है। बादल फटने से आई बाढ़ व भूस्खलन के कारण छह घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। दोनों गांवों के करीब तीन सौ लोगों ने सुरक्षित स्थान की ओर भागकर जान बचाई है।
बाढ़ व भूस्खलन के कारण दोनों गांव को खतरा पैदा हो गया है। भूस्खलन और होने की स्थिति में दोनों गांव में और घर जमींदोज हो सकते हैं। बादल फटने के बाद पैदा हुई भूस्खलन की स्थिति से दोनों गांव की करीब 300 आबादी प्रभावित हुई है। इन दोनों गांवों को भूस्खलन का खतरा पैदा हो गया है।
मवेशियों समेत बह गई पशुशाला
बाढ़ में एक पशुशाला बह गई है, जिसमें बंधे 36 मवेशी भी बह गए हैं। करनैल सिंह की पशुशाला पानी के बहाव में बह गई है, जिसमें एक गाय और 35 बकरियां बह गई है। चार बकरियां मलबे में मृत मिली हैं व बाकी का कोई सुराग नहीं है। जीवन सिंह का घर व शौचालय क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसी पंचायत के गांव ढलीयार के नारायण सिंह, सुभाष सिंह, छोटा राम के घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
जिला चंबा के भटियात में बादल फटने से जंद्रोग पंचायत के भगसियार गांव में आई बाढ़।
सबसे ज्यादा बारिश हुई है भटियात में
प्रदेशभर में सबसे ज्यादा बारिश जिला चंबा के भटियात में ही रिकार्ड की गई है। यहां आइएमडी ने 182 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की है। भटियात उपमंडल में अन्य जगह भी भूस्खलन से नुकसान होने की सूचना है।
यह भी पढ़ें- Himachal Weather: भारी बारिश व भूस्खलन से सड़कें और बिजली बंद, पंडोह बांध से छोड़ा पानी, इन दो जगह हुई रिकार्ड बारिश
भट्टियात उपमंडल के भगसियार गांव में बाढ़ व भूस्खलन के कारण भारी नुकसान हुआ है। घरों में चार से पांच फीट तक मलबा भर गया है। लोग यदि समय रहते घरों से न भागते तो बड़ा जानी नुकसान भी हो सकता था। लोगों की सतर्कता से जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन आपदा से मकानों को भारी नुकसान हुआ है।
आपदा के एसडीएम पहुंचे गांव में
बादल फटने की सूचना मिलने के बाद एसडीएम भटियात पारस अग्रवाल मौके पर रवाना हुए। उन्होंने प्रभावित गांव का दौरा कर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के मकान को नुकसान हुआ है, उसे राजस्व विभाग की ओर से 7500 रुपये व अन्य प्रभावित व्यक्तियों को 2500-2500 रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।