'आतंकवाद का होगा खात्मा, पूरे जोश के साथ करेंगे यात्रा', Amarnath Yatra 2025 को लेकर यात्रियों में उत्साह बरकरार
पहलगाम में आतंकी हमले के बावजूद अमरनाथ यात्रियों (Amarnath Yatra 2025) का हौसला बरकरार है। यमुनानगर से 400 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है और वे पूरे जोश के साथ यात्रा पर जाने को तैयार हैं। यात्रियों का मानना है कि सेना आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देगी और वे निर्भीक होकर बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे। आतंकवाद का होग खात्मा जल्द होगा।

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भी अमरनाथ (Amarnath Yatra 2025) जाने वाले यात्रियों का जोश कम नहीं हुआ है। जुलाई माह में अमरनाथ यात्रा पर जाने वालों का कहना है कि आतंकियों की किसी भी हरकत से वह डरेंगे नहीं।
पूरे जोश से अमरनाथ यात्रा करने जाएंगे। वह पूरे उत्साह से अमरनाथ यात्रा (Amarnath Yatra 2025) पर जाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि इस आतंकी हमले का भारतीय सेना करारा जवाब देगी। सेना आतंकियों का खात्मा करेगी।
बता दें कि हरियाणा के यमुनानगर जिले से करीब 400 श्रद्धालुओं ने अभी तक अमरनाथ यात्रा पर जाने के लिए पंजीयन कराए हैं। अधिकांश यात्रियों ने पहलगाम के रास्ते से ही यात्रा का पंजीयन कराया है। कुछ ने बालटाल के रास्ते से पंजीयन कराया है।
3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा
बाबा अमरनाथ (Amarnath Yatra) बर्फानी की यात्रा तीन जुलाई से शुरू होकर नौ अगस्त तक 37 दिनों तक चलने चलेगी। इसका पंजीकरण 22 अप्रैल से प्रारंभ हुआ है। अमरनाथ की यात्रा का आरंभ आषाढ़ पूर्णिमा से होता है, जो पूरे सावन चलती है और श्रावण पूर्णिमा यानी रक्षा बंधन के दिन संपन्न होती है।
यह भी पढ़ें- मां वैष्णो देवी यात्रियों में भारी गिरावट, एक चौथाई से भी कम रह गई संख्या; निराश घोड़े-पिट्ठू और पालकी वाले लौटे घर
ऐसी मान्यता है कि भगवान शिव सर्वप्रथम इस गुफा में श्रावण पूर्णिमा के दिन ही आए थे, इसलिए इस दिन पर इस गुफा के दर्शन का विशेष महत्व माना गया है। यही कारण है कि श्रावण पूर्णिमा यानी रक्षाबंधन के दिन ही गुफा में छड़ी मुबारक को शिवलिंग के पास स्थापित कर दिया जाता है।
अमरनाथ गुफा में बनने वाले शिवलिंग को अमरेश्वर नाम से भी जाना जाता है। भारत-पाकिस्तान के तनाव का कोई असर नहीं है। बाबा अमरनाथ की यात्रा को लेकर क्रेज बना हुआ है।
आतंकी हमले को लेकर क्या बोले अमरनाथ यात्री
अमरनाथ यात्री राकेश बक्खी का कहना है कि पहलगाम की घटना बहुत ही निंदनीय है, लेकिन इसका असर अमरनाथ बाबा की यात्रा पर नहीं पड़ेगा। देश की सेना इसका मुंहतोड़ जवाब जल्द ही देगी। सरकार भी इसे लेकर बड़े कदम उठाएगी। हम पूरे भरोसे के साथ अमरनाथ यात्रा पर जाएंगे।
वहीं, अमरनाथ यात्री आकाश का कहना है कि मुझे ऐसा लगता है कि आतंकियों का मकसद ही अमरनाथ यात्रा का प्रभावित करना है, लेकिन उनकी यह साजिश सफल नहीं होगी। हमें अपने देश की सेना पर पूरा भरोसा है। वह निश्चित तौर पर इस आतंकी हमने का करारा जवाब देगी।
राजेश ने कहा कि बाबा अमरनाथ की यात्रा कभी बंद नहीं होगी। आतंकी अपने मंसूबों में कभी कामयाब नहीं होंगे। हम बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जाएंगे, क्योंकि हमें हर हाल में बाबा के दर्शन करने हैं। हमें विश्वास है कि सरकार सुरक्षा के पूरे इंतजाम करेगी।
सुमित मेहता ने ने कहा कि पहलगाम में आतंकियों ने इसलिए सैलानियों को निशाना बनाया है, क्योंकि यहीं से अमरनाथ यात्रा शुरू होती है। यात्रा के दौरान आतंकी यहां भटक भी नहीं पाएंगे। हमें अपनी सेना और सरकार पर पूरा भरोसा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।