Yamunanagar News: 300 करोड़ के भ्रष्टाचार मामले का खुलासा होने के बाद भाजपा ने कांग्रेस को घेरा, नेताओं का फूंका पुतला
यमुनानगर में कांग्रेस नेता धीरज साहू के यहां से 300 करोड़ रुपये मिलने के बाद भ्रष्टाचार के मामले को लेकर बीजेपी ने प्रदर्शन किया। इस दौरान बीजेपी ने कांग्रेस को जमकर घेरा साथ ही बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं के पुतले फूंके। साथ ही बीजेपी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस और भ्रष्टाचार सहभागी हैं इसलिए कांग्रेस पार्टी इसकी जिम्मेदारी भी नहीं ले रही है।

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। भ्रष्टाचार के मामले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस को घेरा है। यमुनानगर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य धीरज साहू, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे का पुतला फूंका। भारी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मेयर हाउस पर एकत्रित हुए। यहां पुतले की यात्रा निकाली गई और चौक पर दहन किया गया।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य धीरज साहू के घर और कार्यालयों से तीन सौ करोड़ रुपये से भी ज्यादा बरामद होना गंभीर बात है। भाजपा पहले भी कह चुकी है कि कांग्रेस और भ्रष्टाचार सहभागी हैं। इतना बड़ा भ्रष्टाचार उजागर होने के बावजूद कांग्रेस के किसी भी नेता की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
यह कांग्रेस का भ्रष्टाचार से पल्ला झाड़ने का प्रयास है। जितनी बड़ी राशि राज्य सभा सदस्य से मिली है, उसको गणना करने में मशीनें तक गर्म हो गई। कांग्रेस पार्टी इसकी जिम्मेदारी भी नहीं ले रही है। अब तक पार्टी को धीरज साहू को निष्कासित कर देना चाहिए था क्योंकि राज्य सभा सदस्य महत्वपूर्ण पद है जिस पर पार्टी ही चुनकर अपने नेता या प्रतिनिधि को भेजती है।
ये भी पढ़ें: Chandigarh News: सावधान! खरीदा गया आइफोन नहीं हुआ डिलीवर, फ्लिपकार्ट को देने होंगे ब्याज सहित पैसे; साल 2020 का मामला
भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी को नहीं बख्शा जाएगा
भाजपा अब जनता के बीच जाएगी। कांग्रेस पार्टी के इस भ्रष्टाचार की पोल खोलेगी। इसके तहत ही पुतला फूंका गया है क्योंकि भाजपा व पीएम नरेन्द्र मोदी की गारंटी है कि भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व इस मामले में चुप है, जिससे स्पष्ट है कि वह भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। अब कांग्रेस का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। पीएम नरेन्द्र मोदी की सरकार भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए काम कर रही है। कांग्रेस व उनके सहयोगी दल सनातन का अपमान करते हैं।
बीजेपी एक-एक रुपये का हिसाब लेगी: मेयर मदन चौहान
मेयर मदन चौहान ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने सत्ता का दुरुपयोग कर कालाधन जमा किया। पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा में अब एक-एक रुपये का हिसाब लेगी। जनता के सामने कांग्रेस के असली चेहरे को बेनकाब किया जाएगा। मौके पर पूर्व चेयरमैन राम निवास गर्ग, पूर्व चेयरपर्सन मलिक रोजी आनंद, भाजपा नेता संदीप राणा, शुभम व अन्य नेता उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।