विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Sonipat: बालू खनन वसूली की गैंगवार में हुई हिस्ट्रीशीटर निखिल की हत्या, UP से बुलाए गए थे तीन शार्प शूटर

By Jagran NewsEdited By: Shyamji Tiwari
Published: Mon, 17 Apr 2023 10:58 PM (IST)

हिस्ट्रीशीटर निखिल की हत्या गैंगवार में की गई थी। यमुना किनारे बालू खनन से वसूली को लेकर दोनों पक्षों में ...और पढ़ें

बालू खनन वसूली की गैंगवार में हुई हिस्ट्रीशीटर निखिल की हत्या
बालू खनन वसूली की गैंगवार में हुई हिस्ट्रीशीटर निखिल की हत्या

सोनीपत, जागरण संवाददाता। गांव मेहंदीपुर के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर निखिल की हत्या गैंगवार में की गई थी। यमुना किनारे बालू खनन से वसूली को लेकर दोनों पक्षों में गैंगवार चल रही थी। निखिल की हत्या करने के लिए तीन शार्प-शूटर उत्तर प्रदेश से बुलाए गए थे। क्राइम ब्रांच ने चारों शार्प-शूटर सहित नौ हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से चार पिस्टल, दो कार व बाइक बरामद की गई हैं।

आरोपितों पर दर्ज हैं गंभीर मामले

आरोपितों पर लूट, डकैती और हत्या जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपितों को अदालत में पेश करके चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। डीसीपी (क्राइम) विजय सिंह ने बताया कि गांव मेहंदीपुर के हिस्ट्रीशीटर निखिल (26) की मुरथल अनाज मंडी के गेट पर चाय की दुकान के पास हत्या कर दी गई थी। उसे 10 अप्रैल को 13 गोली मारी गई थीं। पुलिस ने इस मामले में साहिल को गिरफ्तार कर लिया था। निखिल की हत्या की साजिश साहिल के यहां रची गई थी।

साथ विपिन का भी हत्या में सामने आया नाम

हत्या में उसके साथी विपिन का नाम सामने आया था। बख्तावरपुर के विपिन व निखिल गुट में रेत खनन से अवैध उगाही को लेकर गैंगवार चल रही थी। पुलिस ने विपिन के भाई अनिल उर्फ मोनू को भी गिरफ्तार कर लिया था। उनसे पूछताछ में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। अब इस मामले में सीआइए-वन के इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह की टीम ने मुख्य आरोपित समेत नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपित बख्तावरपुर का विपिन, उत्तर प्रदेश के बागपत के गांव बस्सी का अनुज उर्फ रिचा और अंकुर, मेरठ के गांव रसूलपुर जाहिद का राजा हुड्डा, राजपुर का अमन, मेहंदीपुर का सुमित, बख्तावरपुर का दौलत उर्फ प्रदीप व उत्तर प्रदेश के बागपत के गांव खेकड़ा का सोनू है। इनको बागपत के गांव मेहरमपुर से गिरफ्तार किया गया है। उनको अदालत में पेश करके चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। इनके पास से पांच पिस्तौल, दो कार व एक बाइक बरामद की गई है।इन पर हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।

शार्प-शूटरों से कराई थी हत्या 

डीसीपी ने बताया कि निखिल की हत्या के लिए विपिन व उनके साथियों ने तीन शूटर उत्तर प्रदेश से बुलाए थे। उनमें अनुज उर्फ रिचा, अंकुर व राजा हुड्डा शामिल हैं। चौथा शूटर सोनीपत के गांव राजपुर का रहने वाला अमन है। इन्हीं चारों ने ताबड़तोड़ गोली चलाकर हिस्ट्रीशीटर निखिल की हत्या की थी।

वसूली और खनन पर वर्चस्व बना हत्या कारण 

डीसीपी ने बताया कि यमुना क्षेत्र में अवैध रेत खनन पर वर्चस्व स्थापित करने की रंजिश में निखिल की हत्या की गई। इसके साथ ही रेत खनन करने वालों से वसूली भी की जाती थी। इससे लाखों रुपये महीने की आमदनी होती थी। इसको लेकर दोनों पक्षों में गैंगवार चल रही थी।आरोपित विपिन व निखिल गुट ने अपने गैंग बना लिए थे। इसके साथ ही धीरज बख्तावरपुर की हत्या के बाद से विपिन व निखिल गुट में टकराव बढ़ गया था। दोनों अपना वर्चस्व चाहते थे। इसके चलते ही निखिल ने विपिन की हत्या करा दी थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।