'भाजपा ने रातों रात छह लाख परिवारों को अमीर बनाया', JJP के दिग्गज नेता ने कही बड़ी बात
युवा जजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि गठबंधन सरकार में काम तो खूब हुआ पर किसान वोटरों के छिटकने से हार मिली। उन्होंने सदस्यता अभियान में 5 लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य रखा है। दिग्विजय चौटाला ने बीपीएल सूची में धांधली का आरोप लगाया और प्रदेश में अपराध बढ़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा की अफसरों पर पकड़ ढीली है।

जागरण संवाददाता, गोहाना (सोनीपत)। भाजपा संग गठबंधन की सरकार में डिप्टी सीएम रहते दुष्यंत चौटाला ने अपने महकमों में काम तो खूब किया, लेकिन कोर वोटर के तौर पर किसानों का हाथ से छिटकना जजपा को सत्ता से बाहर कर गया तथा हमें हार का सामना करना पड़ा।
बृहस्पतिवार को यह बात जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने की। अपने चाचा अभय चौटाला से जुड़े सवालों के जवाब में युवा जजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने पलट कर सवाल किया, मतभेद किस परिवार में नहीं होते? उन्होंने कहा कि हम राजनीतिक लड़ाई लड़ रहे हैं, पारिवारिक नहीं।
युवा जजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला बरोदा गांव में सभा को संबोधित करने के लिए आए थे तथा बाद में गोहाना में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उनके अनुसार जजपा ने सदस्यता अभियान में प्रदेश भर में 5 लाख नए सदस्य जोड़ने का निश्चय किया है।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि 2019 में हमारी केवल दस सीटें आई थीं। इतनी कम सीटों के होते अपनी सरकार बनाना मुमकिन नहीं था। हमने तब भाजपा से गठबंधन प्रदेश को एक स्थायी सरकार देने तथा जनता की सेवा करने के लिए किया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से पहले बिना सर्वेक्षण बीपीएल सूची में नाम जोड़ दिए गए तथा अब बिना सर्वेक्षण ही नाम काट भी दिए गए। उन्होंने कहा कि भाजपा बताए कि उसके पास ऐसी कौन-सी जादू की छड़ी है कि 6 लाख परिवार रातों-रात अमीर बन गए।
युवा जजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में डर का माहौल है। अपराध लगातार बढ़ा है। जब उनसे पूछा गया कि भाजपा वाले तो कह रहे हैं कि अपराध घटा है, तब उन्होंने कहा कि भाजपा वालों के कहने से क्या होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की अफसरों पर पकड़ बिलकुल भी नहीं है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।