विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक कार विवाद में दुश्मन बने जिगरी दोस्त, 4 साल की गैंगवार में 11 हत्याएं; भाऊ और रिटौलियां गैंग की पूरी कहानी

Published: Fri, 27 Nov 2026 03:26 PM (IST)

रोहतक के रिटौली गांव में हिमांशु भाऊ और सन्नी रिटौलिया गिरोह के बीच चार साल पुरानी दुश्मनी एक कार विवाद से शुरू हुई थी, जिसमें अब तक 11 लोगों की जान जा चुकी है। 

सन्नी रिटौलिया और हिमांशु (फाइल फोटो)

सन्नी रिटौलिया और हिमांशु (फाइल फोटो)

HighLights

  1. कार लेन-देन विवाद से शुरू हुई थी खूनी दुश्मनी

  2. हिमांशु भाऊ-सन्नी रिटौलिया गैंगवार में अब तक 11 मौतें

  3. हिमांशु भाऊ विदेश से गिरफ्तार, भारत लाने की प्रक्रिया जारी

रत्न पंवार, रोहतक। रिटौली गांव में कभी साथ पढ़ने वाले हिमांशु और अंकित उर्फ बाबा के बीच वर्ष 2019 में शुरू हुआ मामूली विवाद आगे चलकर ऐसी गैंगवार में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के कई करीबी लोगों की जान चली गई।

इस गैंगवार में अब तक करीब 11 मौतें हो चुकी हैं। इस दुश्मनी की शुरुआत कार के लेन-देन से हुई थी, लेकिन समय के साथ वर्ष 2022 में  के गिरोह आमने-सामने आ गए।

मार्च 2022 में महज पांच दिन के भीतर तीन हत्याओं ने पूरे गांव को दहला दिया था। अब दिल्ली रोड के खरावड़ बाइपास स्थित मिलन ढाबे पर हुई चार मौत के बाद फिर चर्चा में है।

हिमांशु व सन्नी पर 10 से 12 मुकदमे दर्ज

जानकारी के अनुसार, हिमांशु भाऊ के खिलाफ रोहतक में 10, झज्जर में सात और दिल्ली में एक मामला हत्या, लूट, धोखाधड़ी और रंगदारी समेत कई गंभीर मामले दर्ज हो चुके हैं।

वहीं, सन्नी रिटौलिया के खिलाफ भी हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने, स्नैचिंग, मारपीट और संगठित अपराध समेत 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

बस की सुरक्षा के लिए खरीदी कार बनी विवाद की जड़

ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2019 में रिटौली निवासी हंसराज उर्फ हंसे ने निजी बस खरीदी थी। बस को रूट पर चलाने के दौरान विवाद होने पर उसने हिमांशु से सुरक्षा मांगी थी।

हिमांशु ने बस के साथ चलने के लिए कार की जरूरत बताई। इसके बाद हंसे ने कर्ज लेकर कार खरीदी। कार खरीदने में अंकित के परिवार के दस्तावेज लगाए गए, जबकि गाड़ी हिमांशु के साथियों के पास रही।

कुछ समय बाद हंसे ने कार की किश्तें भरनी बंद कर दीं। बैंक कर्मचारी जब वसूली के लिए अंकित के घर पहुंचे तो उसके परिजनों ने हिमांशु पक्ष से कार वापस मांगी।

कार नहीं मिलने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता चला गया। यही विवाद आगे चलकर खूनी दुश्मनी की वजह बन गया।

यह भी पढ़ें- 'देखते हैं अगला नंबर किसका', रोहतक में 4 लोगों की हत्या की भाऊ रिटोलिया गैंग ने ली जिम्मेदारी; अगली वारदात की दी चेतावनी

स्टेडियम में गोलीबारी के बाद आमने-सामने आए गिरोह

कार विवाद के बाद हिमांशु और अंकित के भाई सन्नी रिटौलिया के बीच भी कहासुनी हुई। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी और स्टेडियम में मिलने की चुनौती दी।

तय समय पर हिमांशु पिस्तौल लेकर पहुंचा और सन्नी रिटौलिया पर गोली चला दी। इस मामले में पुलिस ने हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया था।

घटना के समय नाबालिग होने के कारण उसे हिसार के बाल सुधार गृह भेजा गया, जहां से वह फरार हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों ने अपने-अपने गिरोह मजबूत करने शुरू कर दिए। हिमांशु के जेल जाने के बाद अंकित पक्ष ने उन लोगों को निशाना बनाना शुरू किया, जिन्हें हिमांशु का करीबी माना जाता था।

यह भी पढ़ें- 3 साल पहले गोलियों से बच निकला था रिंकू, अब रोहतक के होटल में साथियों संग मारा गया; खाना लेने गए बेगुनाह की भी मौत

रिटौली के शराब ठेके पर भी हुई थी भीषण गैंगवार

दोनों गिरोहों के बीच टकराव का सिलसिला इसके बाद भी नहीं थमा। 19 दिसंबर 2025 की शाम रिटौली गांव के शराब ठेके पर हिमांशु भाऊ और सन्नी रिटौलिया गैंग के बीच भीषण गोलीबारी हुई थी।

करीब दस मिनट तक चली इस फायरिंग में 30 से 40 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई थी। इसमें एक हमलावर की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए थे। इस हमले का निशाना सन्नी रिटौलिया था। वारदात में पुरानी रंजिश को वजह बताया गया था।

नाबालिग उम्र में गिरफ्तारी, फिर विदेश तक पहुंचा हिमांशु

हिमांशु वर्ष 2019 में 17 साल की उम्र में गोलीबारी के मामले में पकड़ा गया था। हिसार के बाल सुधार गृह से फरार होने के बाद वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा।

इसके बाद रोहतक, झज्जर और दिल्ली में उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और धोखाधड़ी समेत कई मामले दर्ज हुए। वर्ष 2022 में वह जाली पासपोर्ट के जरिए भारत से फरार हो गया।

पहले पुर्तगाल और फिर अमेरिका पहुंचने की जानकारी सामने आई। वर्ष 2023 में इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था।

पुलिस के अनुसार, हरियाणा पुलिस ने उस पर डेढ़ लाख रुपये और दिल्ली पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

अब अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी के बाद उसे भारत लाने की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। दूसरी ओर, अंकित उर्फ बाबा वर्ष 2023 में गिरफ्तार हुआ था और तब से जेल में बंद है।

यह भी पढ़ें- रोहतक में खूनी गैंगवार: पुलिस चौकी से 50 कदम दूर ताबड़तोड़ फायरिंग, चार लोगों की मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।