विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

3 साल पहले गोलियों से बच निकला था रिंकू, अब रोहतक के होटल में साथियों संग मारा गया; खाना लेने गए बेगुनाह की भी मौत

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:21 AM (IST)

रोहतक के भालौठ स्थित मिलन होटल में पुरानी गैंगवार के चलते रिंकू और उसके दो साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हमले में खाना लेने आए एक बेगुनाह युवक हिमांशु की भी जान चली गई, जिससे कुल चार मौतें हुईं।

होटल के पास जांच करते हुए पुलिसकर्मी (जागरण फोटो)

होटल के पास जांच करते हुए पुलिसकर्मी (जागरण फोटो)

HighLights

  1. रोहतक के मिलन होटल में गैंगवार में चार की मौत।

  2. रिंकू और दो साथी पुरानी रंजिश में मारे गए।

  3. खाना लेने आए बेगुनाह हिमांशु की भी जान गई।

जागरण संवाददाता, झज्जर। झज्जर और रोहतक जिले के सीमावर्ती गांवों में चल रही वर्चस्व और गैंगवार की खूनी रंजिश एक बार फिर भड़क उठी है। 23 अगस्त, 2023 को बेरी के दुजाना चौक पर हुए जानलेवा हमले में जो रिंकू मौत को मात देकर बच निकला था, ठीक तीन साल, तीन माह और दो दिन (1190 दिन) बाद रोहतक के भालौठ स्थित मिलन होटल पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में वह अपने दो साथियों के साथ गोलियों का निशाना बन गया।

बुधवार रात हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में झज्जर के डीघल गांव निवासी रिंकू, विनीत उर्फ विन्नी और यश उर्फ गंजू की मौत हो गई, जबकि इस अंधाधुंध फायरिंग की चपेट में आने से बेरी निवासी एक बेगुनाह युवक हिमांशु को भी अपनी जान गंवानी पड़ी।

rohtak_news (2)

साल 2023 में हुई घटना से जुड़े फोटो

बेरी के दुजाना चौक पर भी हुआ था खूनी सिलसिला 

पूरे घटनाक्रम की एक कड़ी इस पुरानी गैंगवार से भी जुड़ी हुई हैं। 23 अगस्त 2023 को रिटौली निवासी सन्नी, कबूलपुर निवासी मोहित, गोच्छी निवासी आशीष, डीघल निवासी रिंकू और तलाव निवासी अनीश झज्जर अदालत में पेशी भुगतकर बलेनो कार से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे बेरी के दुजाना चौक पर पहुंचे, ब्रेजा कार में सवार हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी थीं।

rohtak_gangwars

इस हमले में तलाव निवासी अनीश की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि रिंकू और आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उस समय रोहतक के एक निजी अस्पताल में लंबे उपचार के बाद रिंकू की जान बच गई थी। पुलिस ने बाद में वारदात में प्रयुक्त ब्रेजा गाड़ी को फरीदाबाद से बरामद किया था।

rohtak_latetst_news

1190 दिन बाद हमलावरों ने फिर से किया हमला

बेरी की वारदात के करीब 1190 दिन बाद हमलावरों ने एक बार फिर उसी गुट से जुड़े युवकों को निशाना बनाया। बुधवार रात रोहतक के भालौठ गांव के समीप स्थित मिलन होटल पर डीघल निवासी रिंकू, विनीत उर्फ विन्नी और यश उर्फ गंजू मौजूद थे। इसी दौरान वहां पहुंचे हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

इस हमले में रिंकू के साथ-साथ उसके गांव के ही विनीत उर्फ विन्नी और यश उर्फ गंजू की मौत हो गई।

रिकॉर्ड के अनुसार, मृतक रिंकू पर हत्या और हत्या के प्रयास समेत कुल पांच आपराधिक मामले दर्ज थे। वहीं, विनीत उर्फ विन्नी और यश उर्फ गंजू का नाम मार्च 2022 में रिटौली गांव में हुए दोहरे हत्याकांड में सामने आया था। विनीत पर हत्या समेत चार मामले दर्ज थे।

gangwar_news

रंजिश से अनजान बेरी के इकलौते चिराग की बुझी जिंदगी

इस खूनी गैंगवार का सबसे दर्दनाक पहलू बेरी निवासी 26 वर्षीय हिमांशु की मौत है, जिसका अपराध की दुनिया से कोई वास्ता नहीं था। रोहतक के जाट कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई कर रहा हिमांशु अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और खाली समय में पिता के साथ खेतीबाड़ी में हाथ बंटाता था।

अभी तक की सूचना के हिसाब से बुधवार को वह अपनी बड़ी बहन की ससुराल भालौठ गांव आया हुआ था, जहां मिलन होटल के पास नहर किनारे उसके जीजा के खेतों में काम चल रहा था।

रात के समय हिमांशु अपने जीजा से खाना खाने और उनके लिए भी खाना पैक करवाकर लाने की बात कहकर होटल पर गया था। इसी बीच वहां फायरिंग शुरू हो गई।

जान बचाने के लिए भागते समय हमलावरों ने उसे भी दूसरे गुट का सदस्य समझकर गोलियां मार दीं। बताते है उसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था, लेकिन गैंगवार की अंधी गोलियों ने एक हंसते-खेलते परिवार का इकलौता सहारा छीन लिया।

यह भी पढ़ें- रोहतक में खूनी गैंगवार: पुलिस चौकी से 50 कदम दूर ताबड़तोड़ फायरिंग, चार लोगों की मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।