पानीपत में गर्भवती के गले पर रस्सी के निशान देखकर रोका अंतिम संस्कार, हत्या के शक में पुलिस श्मशान से ले गई शव
पानीपत के गांव धर्मगढ़ में पांच महीने की गर्भवती सुदेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पति विक्रम पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है जो फरार है। परिजनों को अंतिम संस्कार के समय सुदेश के गले पर निशान दिखे जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

जागरण संवाददाता, पानीपत। गांव धर्मगढ़ में पांच माह की गर्भवती सुदेश (25) की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पति विक्रम प्राकृतिक मौत बता रहा था। जब स्वजन मंगलवार सुबह अंतिम संस्कार करने लगे तो सुदेश के गले पर रस्सी के निशान दिखे।
उन्होंने अंतिम संस्कार रुकवा दिया और इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को श्मशान घाट से नागरिक अस्पताल आई। स्वजन ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपित पति पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। पति अभी फरार है।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
करनाल के गांव सिरसी निवासी रवि ने बताया कि उन्होंने अपनी चचेरी बहन सुदेश (25) की शादी डेढ़ साल पहले विक्रम से की थी। दोनों में अनबन रहती थी। सोमवार देर शाम विक्रम ने सुदेश के पिता जसवंत को काल कर कहा कि सुदेश बात नहीं कर रही है।
उसकी तबीयत खराब है। वह मौके पर पहुंचे तो सुदेश मृत मिली। पहले विक्रम ने कहा कि वह अचानक चक्कर आकर गिर गई और उसकी मौत हो गई।
अंतिम संस्कार के दौरान दिखे गले पर निशान
फिर कहा कि वह बैठी थी, उसकी छाती में दर्द हुआ। उन्होंने रात को ही शव फ्रीजर में रखवा दिया था। मंगलवार को अंतिम संस्कार के दौरान गले पर निशान देखे तो पुलिस को सूचना दी।
टीम धर्मगढ़ गई थी। शव को नागरिक अस्पताल लाए। स्वजन ने मृतका के पति पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोपित पति पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। -सुरेश कुमार, प्रभारी, सदर थाना, पानीपत।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।