गजब! मणप्पुरम कंपनी में सोना गिरवी रख लिया था लोन, बाद में मिला कुछ ऐसा... देखकर पैरों तले खिसक गई जमीन
पानीपत में मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी में सोना गिरवी रखने वाले लोगों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ग्राहकों का आरोप है कि सोना वापस लेते समय उन्हें नकली सोना दिया जा रहा है। शिमला मौलाना के निवासियों ने कंपनी के बाहर हंगामा किया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कंपनी के लॉकर में रखे सोने की जांच की जाएगी।

जागरण संवाददाता, पानीपत। मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी में सोना गिरवी रख लोन लेने वाले लोगों के साथ ठगी हुई है। लोगों का कहना है कि कंपनी में सोना गिरवी रखा था, वापस लेते हुए नकली सोना थमाया जा रहा है।
वीरवार को गांव शिमला मौलाना के लोगों ने पुराना बसस्टैंड के पास मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी में हंगामा किया। यहां पांच व्यक्तियों ने अपना 100 तोला सोना गिरवी रखा था। एक व्यक्ति ने अपना 19 तोला सोना वापस लिया तो वह नकली मिला। इसके बाद चार लोग भी जांच कराने कंपनी में पहुंचे।
इनका भी नौ तोले सोना नकली मिल चुका है। देर रात तक जांच चलती रही। इस संबंध में पीड़ितों ने पुलिस को शिकायत दी है। शुक्रवार को भी कंपनी के लोकर में रखे सोने की जांच की जाएगी।
इन व्यक्तियों का सोना मिला नकली
गांव शिमला मौलाना निवासी सुनील ने बताया कि उसने लगभग दो साल पहले कंपनी में लगभग 35 तोला सोना गिरवी रख लगभग 25 लाख रुपये का लोन लिया था।
शनिवार को यहां से 19 तोले सोने छुड़ाया था। यहां से सोना लिया और ज्वेलर के पास गया। जांच में सोना नकली मिला। वह ज्वेलर को लेकर कंपनी में आया और कंपनी अधिकारियों के सामने इसकी पुष्टि कराई। वह अपना बचा 16 तोला सोना भी चेक करवा रहा है।
लोगों ने नकली सोना मिलने की शिकायत दी है। कंपनी के अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को लोकर में रखे सोने की जांच करेंगे। जांच में जो दोषी होगा निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी।
-कुलदीप सिंह, प्रभारी, सिटी पुलिस थाना।
- गांव शिमला मौलाना निवासी परमजीत ने बताया कि उसने कंपनी में नौ तोले के सोने के जेवर गिरवी रखकर 9.70 लाख रुपये का लोन लिया था। जांच में छह तोले के जेवर नकली मिले।
- सेक्टर 18 निवासी संदीप ने बताया कि उसने यहां लगभग 10 तोले के सोने के जेवर रखे थे। जांच में तीन तोले के सोने के जेवर नकली मिले।
- गांव शिमला मौलाना निवासी सुनील हुड्डा ने बताया कि उसने लगभग ढाई साल पहले 40 तोले सोना गिरवी रखकर 25 लाख का लोन लिया था। यहां सोने के जेवर नकली मिल रहे हैं। उसे शक है कि उसके जेवर बदल दिए हैं। कंपनी लोगों के साथ फ्राड कर रही है।
- शिमला मौलाना गांव व सेक्टर-18 के पांच लोगों ने अपना 100 तोला सोना रखा था गिरवी
मैंने एक माह पहले ही ज्वाइन किया है। यह सभी केस मेरे ज्वाइन करने से पहले के हैं। कंपनी सोना रखते हुए उसकी जांच करती है। जांच में गड़बड़ी मिली है। सोने की जांच की जा रही है। उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया है। इसमें मेरा दोष नहीं है।
-आशीष कुमार, ब्रांच मैनेजर, मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।