Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    अंबाला में पकड़ा गया पाकिस्तानी साफ्टवेयर इंजीनियर रिहा, 30 दिन तक नहीं छोड़ सकता भारत

    By Sunil Kumar JhaEdited By:
    Updated: Thu, 08 Jul 2021 08:21 AM (IST)

    हरियाणा में गिरफ्तार साफ्टवेयर इंजीनियर को रिहा कर दिया गया है। उसे अंबाला में जासूसी के आरोप में पकड़ा गया था। उसे अंबाला सेंट्रल जेल से रिहा कर दिया ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    अंबाला सेंट्रल जेल से रिहा होने के बाद पाकिस्‍तानी साफ्टवेयर इंजीनियर। (जागरण)

    अंबाला शहर, जागरण संवाददाता। जासूसी के आरोप में अंबाला में पकड़े गए पाकिस्तानी साफ्टेवयर इंजीनियर अली मुर्तजा असगर को कोर्ट की ओर से आरोपमुक्त किए जाने के बाद अंबाला सेंट्रल जेल से रिहा कर दिया गया। अदालत के आदेश के बाद वारंट मंगलवार को ही जेल भेज दिया गया था। पाकिस्तानी नागरिक अली मुर्तजा अभी एक सप्ताह के लिए अपने वकील एसके माकन के संरक्षण में रहेगा। हालांकि उसे एक सप्ताह के भीतर ही बताना होगा कि वह शेष दिनों में कहां-कहां ठहरेगा। उसे अगस्‍त 2019 में गिरफ्तार किया गया था।

    जासूसी के आरोप में 14 अगस्त 2019 को किया गया था गिरफ्तार

    बता दें कि पाकिस्तानी नागरिक अली मुर्तजा असगर ने 3 अगस्त 2019 को भारत आया था। 14 अगस्त 2019 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके पास मुंबई, अहमदाबाद, सूरत, गलियाकोट और बुरहानपुर का वीजा था, लेकिन वह अंबाला में गैरकानूनी ढंग से पहुंच गया था, जिसके चलते उस पर मुकदमा दर्ज हो गया था। वकील एके माकन व दीपक कंवर ने बताया कि अली मुर्तजा जासूसी के आरोप से पहले ही मुक्त हो गया था जबकि कोर्ट ने मंगलवार को अन्य आरोपों से भी मुक्त कर दिया। इसके बाद सेंट्रल जेल से रिहाई हुई है।

    राजस्थान के मुनाभाओ बार्डर से की थी इंट्री

    अली मुर्तजार असगर ने दैनिक जागरण को बताया कि वह ट्रेन से तीन अगस्त को भारत आया था। बाड़मेर के मुनाबव से एंट्री की थी। जहां से मुंबई में भिंडी बाजार स्थित राउदत ताहिरा दरगाह पहुंचा था। दो दिन तक दरगाह में रुका था। इसके बाद मध्यप्रदेश के बुरहान में भी दरगाह पहुंचा था। जहां से सूरत दरगाह के लिए वापसी की थी। 12 अगस्त को बकरा ईद थी।

    मुंबई से हरियाणा के अंबाला आया था अली मुर्तजा असगर, एक सप्ताह अपने वकील के संरक्षण में रहेगा

    इसके लिए दोबारा से राउदत ताहिरा दरगाह पहुंचा था। नमाज पढ़कर वापसी के लिए ट्रेन में बैठ गया था। ट्रेन से अमृतसर पहुंचना था और बाघा बार्डर से पाकिस्तान वापस जाना था। ट्रेन रात को 12 बजकर 50 मिनट पर अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर थी। उस दौरान सभी सो रहे थे। तभी पुलिस आई और जांच की बात कह कर उसे ले गई। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

    दूसरी बार आया था भारत

    पाकिस्तानी इंजीनियर दूसरी बार भारत में आया था। इससे पहले मार्च 2019 में आया था। उसने बताया कि उसका एक साल का वीजा लगा था, जिसमें वह तीन बार पाकिस्तान से भारत में चक्कर लगा सकता था। दूसरी बार उसका वीजा 2 सितंबर 2019 तक था, लेकिन वह वीजा खत्म होने से कई दिन पहले वापस पाकिस्तान लौट रहा था।