26 नवंबर को जुलूस निकालते हुए दिल्ली रवाना होंगे किसान
शहर के जीटी रोड स्थित टोल प्लाजा पर किसान आंदोलन के समर्थन में जारी अनिश्चितकालीन धरने स्थल पर संयुक्त किसान मोर्चा तालमेल कमेटी की बैठक हुई।
जागरण संवाददाता, पानीपत : शहर के जीटी रोड स्थित टोल प्लाजा पर किसान आंदोलन के समर्थन में जारी अनिश्चितकालीन धरने स्थल पर संयुक्त किसान मोर्चा तालमेल कमेटी की बैठक हुई। अध्यक्षता जिला संयोजक जयकरण कादियान व संचालन सीटू मजदूर संगठन के राज्य सचिव सुनील दत्त ने किया। बैठक में किसान संयुक्त मोर्चा द्वारा घोषित कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।
जिला संयोजक जयकरण कादियान ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से तीनों कृषि कानून वापस लेने का ऐलान हो चुका है। लेकिन उनके कार्यक्रम ऐसे ही जारी रहेंगे। मोर्चा द्वारा घोषित कार्यक्रमों में बुधवार को चौधरी छोटू राम जयंती पर किसान मजदूर संघर्ष दिवस मनाया जाएगा। 26 नवंबर को दिल्ली बार्डर चलो व 29 नवंबर को संसद चलो का कार्यक्रम रहेगा। उन्होंने कहा कि कानूनों को संसद में बिल लाकर जल्द से जल्द वापस लिया जाए। भाकियू के पूर्व उप प्रधान बिटू मलिक ने कहा कि कृषि कानून ही नहीं, बल्कि किसानों के कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। उनको लेकर भी सरकार तुरंत संयुक्त किसान मोर्चा से बात करें। उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल खरीद की गारंटी का कानून बने, बिजली विधेयक 2020 की वापसी हो, पराली जलाने के नाम पर किसानों पर लगा जुर्माना व दर्ज पुलिस केस वापस करने के अलावा आंदोलनकारियों पर दर्ज सभी मुकदमें खारिज किए जाएं। इस मौके पर डा. सुरेंद्र मलिक, मा. धर्म सिंह, मा. हुकम सिंह, अशोक पवार, कप्तान राठी, शमशेर सिंह, रामकिशन आर्य, कृष्ण पवार, सुरेंद्र बांगड़, सतपाल चहल, स्वरूप सिंह, सतबीर कादियान मौजूद रहे।
मिलकर रवाना होंगे
वहीं, संयुक्त तालमेल कमेटी ने फैसला लिया कि 26 नवंबर को दिल्ली बार्डर पर जाने के लिए सभी किसान मजदूर अपने साधनों के साथ सुबह नौ बजे पानीपत टोल प्लाजा पर पहुंचे। वहां पर पंजाब से आने वाले किसानों का पानीपत के किसान फूलमाला पहना स्वागत करेंगे। फिर सभी किसान मोर्चा के बैनर तले अपने साधनों के साथ दिल्ली जुलूस की शकल में रवाना होंगे।