पैसेंजर ट्रेन समय पर नहीं पहुंची तो ट्रैक पर उतरे यात्री, चंडीगढ़-जयपुर इंटरसिटी रोकी Panipat News
लेट हुई पैसेंजर तो यात्रियों ने चंडीगढ़-जयपुर इंटरसिटी रोक दी। टै्रक पर लेटकर यात्रियों ने प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे स्टेशन पर गाड़ी खड़ी रही। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा।
पानीपत/कैथल, जेएनएन। इंटरसिटी के समय में बदलाव के बाद पैसजेंर ट्रेन के कुरुक्षेत्र देरी से पहुंचने के कारण यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। यात्रियों ने ढांड रेलवे स्टेशन का घेराव करते हुए चंडीगढ़ से जयपुर जा रही इंटरसिटी ट्रेन को ढांड रेलवे स्टेशन पर ही लाल झंड़ी दिखाकर रोक दिया।
यात्री ट्रैक के बीचो-बीच बैठ गए। घेराव के दौरान ड्यूटी पर मौजूद रेलवे अधिकारियों के साथ कहासुनी भी हुई। बाद में ढांड पुलिस थाना इंचार्ज शिव कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने यात्रियों को समझाया, लेकिन जब नहीं माने तो हलका बल प्रयोग कर वहां से खदेड़ा। इसके बाद दोनों ट्रेनें रवाना हुईं। पैसेंजर करीब दो घंटे व इंटरसिटी एक घंटा ढांड रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।
पैसेंजर ट्रेन के लेट होने से आ रही दिक्कत
पैसेंजर रेल यात्री अश्वनी, कमल, सम्राट, वेद प्रकाश, मिगलानी, अजीत, सोनू ,किस्मत, चरणदास, संदीप, अंकित, बबला, काला, पवन, अंकित सारण, कृष्ण, रजत, डॉक्टर संदीप सरसा,व अनिल ने बताया कि शाम को 7 बजकर 40 मिनट पर कैथल से कुरुक्षेत्र के लिए पैसेंजर गाड़ी संख्या 54048 रवाना होगी है। कुरुक्षेत्र 9 बजकर 05 मिनट पर पहुंचने का समय है। वहीं चंडीगढ़ से जयपुर जाने वाली रेलगाड़ी संख्या 19718 का कुरुक्षेत्र से चलने का समय 9 बजकर 30 मिनट का है, लेकिन इन दोनों गाडिय़ों की क्रॉसिंग कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर न करवाकर ढांड स्थित पिहोवा रोड पर करवाई जा रही है, इस कारण ट्रेन से अंबाला, करनाल, पानीपत, सोनीपत, दिल्ली सहित अन्य शहरों के लिए जाने वाले यात्रियों को आगे गाड़ी नहीं मिल पाती। यात्रियों को रात में भटकना पड़ता है। कई बार इस बारे में रेलवे के अधिकारियों को ट्रेनों के समय को लेकर मांगपत्र दे चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। रोजाना एक से डेढ़ घंंटे तक पैसेंजर ट्रेन लेट पहुंच रही है। यात्रियों ने कहा कि पहले इंटरसिटी का जयपुर जाने के लिए समय दिन में था, लेकिन अब रात में होने से पैसेंजर ट्रेन के यात्रियों को दिक्कत आ रही है। रात के समय महिलाएं भी सफर करती हैं, इसके बावजूद अधिकारी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
यात्रियों को समझाकर खुलवाया जाम
ढांड पुलिस थाना इंचार्ज शिव कुमार ने रात को रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी ट्रेन रोकने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचे। यात्रियों को समझाते हुए जाम खुलवा दिया था। ट्रेन लेट होने की मांग को लेकर यात्री परेशान थे।
अधिकारियों को दे दी सूचना
ढांड रेलवे स्टेशन मास्टर सिया राम ने बताया कि इंटरसिटी के समय में बदलाव के बाद पैसेंजर ट्रेन की क्रोङ्क्षसग पिहोवा रोड पर करवानी पड़ती है। रात को जब इंटरसिटी ट्रेन लेट चल रही थी तो पैसेंजर गाड़ी को स्टेशन पर रोकना पड़ा। इससे गुस्सा यात्रियों ने रेलवे ट्रेक पर जाम लगा दिया था। समझाने का भी प्रयास किया, लेकिन जब नहीं माने तो पुलिस को बुलाना पड़ा। इस कारण दोनों ट्रेन करीब 50 मिनट तक यहां स्टेशन पर खड़ी रही। इसे लेकर उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी थी।