सजा था पंडाल, बज रही थी शहनाई... मनपसंद लहंगा नहीं लाने पर दुल्हन ने फेरे लेने से कर दिया मना, लौटी बरात
पानीपत में एक अनोखा मामला सामने आया है जहां दुल्हन ने शादी से ठीक पहले फेरे लेने से मना कर दिया। वजह थी कि उसे मनपसंद लहंगा नहीं मिला और शादी के अन्य इंतजाम भी उसकी उम्मीद के मुताबिक नहीं थे। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हे पक्ष ने उन्हें धोखा दिया है। वहीं दूल्हे पक्ष का कहना है कि लड़की पक्ष ने शादी करने का दबाव बनाया था।

आशु गौतम, पानीपत। शादी का पंडाल सजा था। दुल्हन का शृंगार हो चुका था। शहनाई बज रही थी। 350 किमी दूर अमृतसर से दूल्हा बरात लेकर पहुंचा था। शादी में ऐसा खलल पड़ा कि दुल्हन ने मनभावन लहंगा नहीं लाने पर फेरे लेने से मना कर दिया। बरात को लौटा दिया।
दुल्हन पक्ष का कहना है कि उसने चांदनी चौक का लहंगा पसंद किया था, लेकिन पुराना लहंगा लाया गया। मंगलसूत्र, वरमाला भी नहीं लाई गई और ज्वेलरी भी आर्टिफिशियल थी। दुल्हन की मां बोली उसने बेटी की शादी तय की है, बेची नहीं है। डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाया। मामला पानीपत के मॉडल टाउन थाना क्षेत्र का है।
शादी रविवार को मॉडल टाउन की भाटिया कालोनी स्थित मैरिज हाल में हो रही थी। दुल्हन की मां ने बताया कि गत दिनों पहले उसने अपनी दो बेटियों का रिश्ता किया था। बड़ी बेटी का दूसरी जगह रिश्ता हुआ था। बड़ी बेटी के ससुराल वालों ने उनसे दो साल का समय मांगा।
उसने छोटी बेटी का भी दो साल बाद ही शादी करने का मन बनाया, लेकिन लड़का पक्ष ने उन पर शादी का दबाव बनाया। उन्होंने 23 फरवरी 2025 की शादी तय कर दी थी। उन्होंने जो सोचा था, लड़का पक्ष उसके विपरीत मिला।
लड़के ने कहा था पसंद का लहंगा दिलाऊंगा
मां ने कहा कि लड़के ने बेटी को कहा कि वह अपनी पसंद का लहंगा ले ले। बेटी ने लहंगा पसंद किया तो उन्होंने 13 हजार पेमेंट की, लेकिन बाकि पेमेंट के लिए टालमटोल करने लगे। उन्हें लगा कि वे वहीं लहंगा लेकर आएंगे, लेकिन रविवार को जब उन्होंने लहंगा देखा तो वह पुराना मिला। धागे निकले हुए थे। वरमाला भी नहीं लाए, पूछा तो बोले हमारे यहां रिवाज नहीं है। इसी बात पर हाथापाई करने लगे।
बरात से पहले बोले होटल बुक कराओ, बाद में रद कराया
मां ने बताया कि बरात से पहले लड़का पक्ष ने कहा कि वे 22 फरवरी को पानीपत आ जाएंगे, इसलिए उनके लिए होटल बुक करा दो। उन्होंने होटल बुक कराया, अग्रिम पेमेंट दी, लेकिन बाद में उन्होंने पेमेंट नहीं की और होटल कैंसिल करा दिया।
दूल्हे का भाई बोला- लड़की पक्ष ने पहले दबाव बनाया
दूल्हे के भाई ने कहा कि उन्होंने हाल में ही अपना घर बनाया है। इसलिए उन्हें शादी के लिए कम से कम दो साल का समय चाहिए था, लेकिन लड़की पक्ष ने पहले शादी करने का दबाव बनाया।
उन्होंने हां कर दी और डेढ से दो लाख रुपये ब्याज पर लिये। लड़की पक्ष ने 12 हजार रुपये बैंक्वेट हॉल के मांगे, उसने 10 हजार रुपये खाते में डाल दिये। लहंगा 15 हजार की बात हुई, लेकिन बाद में 25 से 30 हजार रुपये मांगने लगे।
जब वे बरात लेकर पहुंचे तो उन्होंने लहंगे को पुराना बताकर फेरे लेने से मना कर दिया। लड़की की नानी ने पांच सोने के जेवरात लाने के लिए कहा। जबकि उनसे जो बना वो लेकर आए थे।
यह भी पढ़ें- हरियाणा निकाय चुनाव: फ्री पानी कनेक्शन से लेकर हाउस टैक्स तक 21 वादे... BJP के संकल्प पत्र में क्या है खास

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।