Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    खिलाडि़यों पर खेल: मनोहर सरकार को अपनों और गैरों दाेनों ने घेरा

    By Sunil Kumar JhaEdited By:
    Updated: Sat, 09 Jun 2018 08:51 AM (IST)

    हरियाणा में खिलाडि़यों की कमाई पर टेढ़ी नजर कर मनोहर लाल सरकार घिर गई। खिलाडियों की कमाई का बड़ा हिस्‍सा मांगने के कारण सरकार अपने और विपक्ष दाेनों के निशाने पर आ गई।

    खिलाडि़यों पर खेल: मनोहर सरकार को अपनों और गैरों दाेनों ने घेरा

    जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा के खिलाडिय़ों की कमाई का बड़ा हिस्सा मांगने के फैसले से भाजपा सरकार विपक्ष के साथ-साथ अपने नेताओं के भी निशाने पर आ गई। केंद्रीय इस्पात मंत्री बीरेंद्र सिंह के साथ-साथ कांग्रेस, इनेलो और आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार और खेल मंत्री अनिल विज को कठघरे में खड़ा किया है। वहीं देशभर से हरियाणा सरकार के खिलाडिय़ों की कमाई में हिस्सेदारी मांगने संबंधी फैसले पर तीखी प्रतिक्रियाएं आईं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बीरेंद्र सिंह ने दी अपनी सरकार को नसीहत

    केंद्रीय इस्पात मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह प्रदेश सरकार के इस फैसले से कतई खुश नहीं हैं। उन्होंने मनोहर सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा है कि हरियाणा के खिलाडिय़ों ने दुनिया भर में राज्य का नाम रोशन किया है। अब यह सरकार की ड्यूटी बनती है कि वह उन्हें किसी सूरत में हतोत्साहित न होने दे। बीरेंद्र सिंह ने एक ट्वीट में कहा है कि हरियाणा के खिलाडिय़ों ने बीते सालों में देश के लिए न जाने कितने पदक जीते। उन्होंने हरियाणा की छवि खेल वाले प्रदेश के रूप में बनाई। खिलाडिय़ों को बढ़ावा देने की बजाय उन पर शिकंजा कसने वाला कदम किसी सूरत में नहीं उठाया जाना चाहिए।

    ;यह भी पढ़ें: हरियाणा सरकार ने पहले दिया के खिलाडियों को बड़ा झटका, घिर गई तो लिया यू टर्न

    -----

    हुड्डा और चौटाला ने भी सीएम को घेरा

    पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला ने भी खिलाडिय़ों के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा। दोनों नेताओं इस कदम पर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि इस सरकार से खिलाडिय़ों के प्रति और उम्मीद भी क्या की जा सकती है। उसे अपना फैसला वापस लेना चाहिए।

    --------

    'नया कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ '

    '' हमने कोई नया नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है। जो खिलाड़ी विज्ञापन करते हुए पैसा कमाते हैं, उन्हीं के लिए यह नोटिफिकेशन है। इसमें नया कुछ नहीं जोड़ा गया है। हरियाणा सरकार खिलाडिय़ों को पूरा सपोर्ट करती है।

                                                                                      - प्रो. रामबिलास शर्मा, शिक्षा मंत्री, हरियाणा।

    --------

    ' खिलाडिय़ों व खेल को तहस-नहस करने में जुटी है मनोहर सरकार'

    '' हरियाणा सरकार का फैसला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हुड्डा सरकार के दौरान खेल और खिलाडिय़ों का बहुत मान सम्मान दिया गया। पिछले चार सालों में भाजपा सरकार खेल नीति और खिलाडिय़ों की खेल भावना को तहस-नहस करने में लगी हुई है। खिलाडिय़ों को पुरस्कार राशि भी नहीं दी। उनके पैसे मार लिए। हमने अपने कार्यकाल में 700 खिलाडिय़ों को नौकरी दी। अब सिर्फ हाई कोर्ट के कहने पर तीन को दी गई है। प्रदेश सरकार खिलाडिय़ों से माफी मांगे।

                                                                           - दीपेंद्र सिंह हुड्डा, उप सचेतक, कांग्रेस संसदीय दल।

    ---------

    ' हर कदम खिलाडिय़ों के लिए कष्टदायी'

    '' हरियाणा सरकार का हर कदम खिलाडिय़ों के लिए कष्टदायी है। पहले उनकी पुरस्कार राशि हड़प कर ली। अब उनकी कमाई का पैसा हड़पना चाहती है यह सरकार। खिलाडिय़ों को नौकरी देना बंद कर दिया गया है। खिलाडिय़ों ने जो छवि हरियाणा की दुनिया में बनाई थी, उसे मनोहर सरकार तहस-नहस करने में लगी हुई है।

                                                                       - रणदीप सिंह सुरजेवाला, चेयरमैन, कांग्रेस मीडिया विंग।

    ----------

    ' खिलाडिय़ों से लगान वसूली नहीं होने देंगे'

    खिलाडिय़ों को लेकर सरकार ने जो फैसला लिया, वह निंदनीय है। पुराने समय के अंग्रेजी शासकों की तरह सरकार खिलाडिय़ों से लगान वसूलने की तैयारी में है। भाजपा के शासक आज काले अंग्रेज बन गए हैं। खिलाडिय़ों पर लगान का फरमान बिल्कुल गलत है। जब से अनिल विज खेल मंत्री बने हैं खेलों की हालत खराब हुई। इनेलो इसका पुरजोर विरोध करेगा।

                                                                                                - दिग्विजय सिंह चौटाला, अध्यक्ष इनसो।

    -------

    'खेल मंत्री से बात कर लूंगा पूरी जानकारी'

    '' हरियाणा सरकार के किस फैसले की बात की जा रही है, इसकी मुझे जानकारी नहीं है। मैं खेल मंत्री अनिल विज से बात कर पूरी जानकारी हासिल करूंगा। राज्य की खेल नीति पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ है। इस पर सवाल नहीं उठाए जाने चाहिए।

                                                                                              - सुभाष बराला, अध्यक्ष, हरियाणा भाजपा।

    -------

    'खिलाडिय़ों के सामने कटोरा लेकर खड़े हो जाएं विज'

    '' मनोहर सरकार खिलाडियों का अपमान करने के बाद उनकी कमाई पर घात लगाए बैठी है। सरकार अभी सिर्फ तीन खिलाडिय़ों को नौकरी दे पाई है। वहीं खिलाडिय़ों की इनामी राशि को हड़प कर गई। अपमानित महसूस कर रहे खिलाडिय़ों के जले पर इस नोटिफिकेशन से नमक छिड़कने का काम किया जा रहा है। खेल मंत्री खिलाडिय़ों के सामने कटोरा लेकर खड़े हो जाएं। हरियाणा के इतिहास में अब तक के सबसे नाकारा खेल मंत्री हैं अनिल विज।

                                                                                         - नवीन जयहिंद, अध्यक्ष, हरियाणा आप।