विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

HPSC ने जारी किया हरियाणा लोक सेवा का फाइनल रिजल्ट, 101 अधिकारी हुए चयनित; टॉपर अभिषेक सरोहा को मिला HCS कैडर

Published: Sat, 17 Oct 2026 05:54 PM (IST)Updated: Sat, 17 Oct 2026 06:05 PM (IST)

हरियाणा लोक सेवा आयोग ने एचसीएस और संबद्ध सेवाओं के 102 में से 101 पदों का अंतिम परिणाम घोषित कर ...और पढ़ें

हरियाणा सिविल सेवा का फाइनल रिजल्ट जारी, टॉपर अभिषेक सरोहा। फाइल फोटो

हरियाणा सिविल सेवा का फाइनल रिजल्ट जारी, टॉपर अभिषेक सरोहा। फाइल फोटो

HighLights

  1. एचपीएससी ने एचसीएस का अंतिम परिणाम घोषित किया।

  2. कुल 102 में से 101 पदों पर चयन हुआ।

  3. अभिषेक सरोहा ने परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) ने हरियाणा सिविल सर्विस (एचसीएस) की कार्यकारी शाखा और संबद्ध सेवाओं की भर्ती का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है। आयोग ने कुल 102 पदों में से 101 पदों पर अभ्यर्थी की नियुक्तियों के लिए सिफारिश की है, जबकि दिव्यांग श्रेणी में एचसीएस का एक पद सरकार से स्पष्टीकरण लंबित होने के कारण लंबित रखा गया है।

टॉपर अभिषेक सरोहा समेत आठ अभ्यर्थियों को अनारक्षित वर्ग में एचसीएस काडर मिला है। इसी तरह कुलदीप, इशा काला, क्रीमि, छवि, रजत फोगाट और मानवी को भी अनारक्षित वर्ग में एचसीएस काडर मिला है। आरक्षित वर्ग के राहुल सैनी, रेणु और जैनव खातून अनारक्षित वर्ग के एचसीएस काडर में जगह बनाने में सफल रहे।

इस वेबसाइट पर देख सकते हैं परिणाम

आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह परिणाम पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में लंबित विभिन्न रिट याचिकाओं और संबंधित याचिका में दायर एलपीए के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। परिणाम तैयार करते समय पूरी सावधानी बरती गई है, लेकिन किसी अनजाने त्रुटि की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

ऐसी स्थिति में आयोग को बाद में त्रुटि सुधारने का अधिकार सुरक्षित रहेगा। अभ्यर्थी अपना परिणाम और सेवा आवंटन हरियाणा लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट hpsc.gov.in पर देख सकते हैं।

टॉपर रहे अभिषेक सरोहा

पंचकूला स्थित एचपीएससी के मुख्यालय में तीन से आठ अक्टूबर तक इंटरव्यू और पर्सनालिटी टेस्ट आयोजित किए गए थे। आठ अक्टूबर को साक्षात्कार का दौर खत्म होते ही एचसीएस और संबद्ध सेवाओं के विस्तृत अंक जारी कर दिए गए। कुल 675 अंकों में से 394.50 अंक लेकर अभिषेक सरोहा प्रथम, कुलदीप 392.90 के साथ दूसरे और इशा काला 388.60 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहे।

कुल 102 पदों के लिए चल रही भर्ती के तहत 26 अप्रैल को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम चार मई को जारी किया गया। इसके बाद कैटेगरी वाइज रिजल्ट 20 मई और रिवाइज्ड रिजल्ट एक जून को जारी हुआ। मुख्य परीक्षा 27 से 29 जून के बीच आयोजित की गई, जिसका परिणाम 17 सितंबर को घोषित किया गया। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को इंटरव्यू और पर्सनालिटी टेस्ट के लिए बुलाया गया था।

यह भी पढ़ें- जॉब के साथ 5 घंटे की पढ़ाई व दादा का सपना... हरियाणा लोक सेवा में राहुल सैनी को BC-B वर्ग में मिला पहला रैंक

93 हजार अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन

भर्ती के लिए करीब 93 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से करीब 52 हजार अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 1200 से ज्यादा अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चुना गया। मुख्य परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों को इंटरव्यू और पर्सनालिटी टेस्ट के लिए बुलाया गया था।ब

यह भी पढ़ें- प्री-मेंस क्लियर, दो बार इंटरव्यू से बाहर; तीसरी बार में हरियाणा लोक सेवा में किया टॉप; कौन हैं HPSC टॉपर अभिषेक सरोहा?

इन पदों पर हुई भर्ती

क्र. सं. पदनाम कुल पद
1 हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस, कार्यकारी शाखा) 24
2 उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) 08
3 उत्पाद शुल्क एवं कराधान अधिकारी (ईटीओ) 27
4 जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) 02
5 सहायक रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां (एआरसीएस) 03
6 जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी (डीएफएसओ) 01
7 सहायक उत्पाद शुल्क एवं कराधान अधिकारी (एईटीओ) 22
8 यातायात प्रबंधक (टीएम) 07
9 प्रथम श्रेणी तहसीलदार 03
10 प्रथम श्रेणी नायब तहसीलदार 05
कुल सर्वयोग 102

यह भी पढ़ें- हरियाणा सिविल सर्विस का रिजल्ट घोषित, अभिषेक सरोहा ने किया टॉप; तीसरे स्थान पर रहीं लखनऊ की इशा काला, देखें पूरा परिणाम

यह भी पढ़ें- मेहनत, मेडिटेशन व जवाबदेही... किसान के बेटे को हरियाणा लोक सेवा में मिली सफलता; कौन हैं HPSC के 2nd टॉपर कुलदीप श्योराण?