HPSC Result: जॉब के साथ 5 घंटे की पढ़ाई व दादा का सपना... हरियाणा लोक सेवा में राहुल सैनी को BC-B वर्ग में मिला पहला रैंक
गांव छपरा के राहुल सैनी ने हरियाणा सिविल सर्विस (एचसीएस) परीक्षा में प्रदेश भर में 7वां रैंक हासिल कर गांव का नाम रोशन किया है।
-1791474307202_m.webp)
हरियाणा लोक सेवा आयोग में राहुल सैनी को मिला 7वां स्थान। फोटो जागरण
HighLights
राहुल सैनी ने एचसीएस परीक्षा में 7वां रैंक हासिल किया।
उन्होंने बिना खर्ची-बिना पर्ची भर्ती प्रणाली को सराहा।
जनता की ईमानदारी से सेवा करने का संकल्प लिया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। गांव छपरा के राहुल सैनी ने हरियाणा सिविल सर्विस (एचसीएस) परीक्षा परिणाम में प्रदेशभर में सातवां एवं बीसी-बी वर्ग में पहला रैंक पाया है। राहुल सैनी ने 383.80 अंक अर्जित किए हैं। उन्हें लिखित में 331 और इंटरव्यू में 52.80 अंक मिले। रिश्तेदार और ग्रामीण घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं।
कहा- योग्यता को मिला सम्मान
राहुल ने दादा स्वर्गीय हरकेश चौधरी के सपने को भी साकार कर दिया है। राहुल सैनी ने कहा कि वह एचसीएस अधिकारी के रूप में सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरी तरह से बिना खर्ची-बिना पर्ची की पारदर्शी भर्ती प्रणाली का नतीजा है।
आज हरियाणा में युवाओं को उनकी मेहनत का फल मिल रहा है। न किसी सिफारिश की जरूरत है, न किसी खर्ची की। सरकार ने जो पारदर्शी व्यवस्था बनाई है, उसी से मेरे जैसे एक सामान्य परिवार के बेटे को एचसीएस अधिकारी बनने का मौका मिला है। यह योग्यता को सम्मन है।
नौकरी के साथ पांच साल तक रोज पांच घंटे पढ़ाई
राहुल ने हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय से बीएससी (एग्रीकल्चर) की डिग्री ली है। इसके बाद उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान गुजरात के इरमा से रूरल मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री ली है। उसके पिता सतीश कुमार हरियाणा सरकार में वरिष्ठ लेखा अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हैं। उनकी माता उषा गृहिणी हैं। राहुल की पत्नी किरणदीप कौर भी गृहिणी हैं।
राहुल ने वर्ष 2021 में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) में नौकरी ज्वाइन की थी। पांच वर्षों से वे बैंक में जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ-साथ प्रतिदिन पांच घंटे यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे। राहुल ने बताया कि वह सुबह और देर रात पढ़ाई के लिए समय निकालते थे।
