Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा में बोर्ड और निगमों में नियुक्तियों के लिए अभी करना होगा इंतजार, पहले घोषित होंगे मार्केट कमेटियों के चेयरमैन

    Updated: Tue, 05 Aug 2025 11:00 PM (IST)

    हरियाणा सरकार बोर्ड और निगमों के चेयरमैनों की नियुक्ति में देरी कर रही है। इससे पहले जिलों में मार्केट कमेटियों के चेयरमैन घोषित किए जाएंगे जिनकी सूची तैयार है। सीएम विंडो के संचालन के लिए भी नियुक्तियाँ होंगी जिससे 400-500 कार्यकर्ताओं को पद मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने नए आयोग और बोर्ड गठित करने की घोषणा की है जिनमें भी नियुक्तियाँ होनी हैं। सरकार पहले मार्केट कमेटियों की सूची जारी करेगी।

    Hero Image
    बोर्ड-निगमों में नियुक्तियों के लिए इंतजार, पहले घोषित होंगे मार्केट कमेटियों के चेयरमैन (File Photo)

    अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। हरियाणा की भाजपा सरकार में राज्य स्तरीय बोर्ड एवं निगमों के चेयरमैन बनने के इच्छुक दावेदारों का इंतजार अभी लंबा खिंचेगा। प्रदेश सरकार विधानसभा के मानसून सत्र के बाद ही बोर्ड एवं निगमों के चेयरमैन बनाएगी।

    बोर्ड एवं निगमों के चेयरमैन बनाने से पहले जिलों में मार्केट कमेटियों के चेयरमैन घोषित किए जाएंगे। राज्य के सभी जिलों में मार्केट कमेटियों के चेयरमैन और वाइस चेयरमैनों की लिस्ट तैयार है। इसे किसी भी समय जारी किया जा सकता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा सरकार की ओर से मार्केट कमेटियों के चेयरमैन बनाने के साथ ही सीएम विंडो के सुचारू संचालन के लिए भी नियुक्तियां होंगी। एक विधानसभा स्तर पर तीन से पांच तक नियुक्तियां होनी हैं। राज्य में 90 विधानसभा क्षेत्र हैं, इस लिहाज से 400 से 500 पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्मान के पदों पर नियुक्तियां दी जा सकती हैं।

    लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम

    भाजपा संगठन और प्रदेश सरकार की सोच है कि अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को सरकार में सम्मानजनक पदों पर समायोजित किया जाए। भाजपा का यह फार्मूला विधानसभा और लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत के रूप में सामने आएगा।

    भाजपा ने हाल ही में जिला ग्रीवेंसिज कमेटियों के सदस्य नियुक्त किए हैं। राज्य के हर जिले में करीब 2200 पार्टी कार्यकर्ताओं को जिला ग्रीवेंसिज कमेटियों का सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा, शहरी निकायों में पार्षद मनोनीत किए गए हैं।

    मनोनीत पार्षदों के पद पर 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को शहरी निकायों में प्रवेश कराया गया है। राज्य के महाधिवक्ता कार्यालय में भी 70 के आसपास नियुक्तियां की गई हैं, जिनमें पार्टी के लिए काम करने वाले नेता, कार्यकर्ता और उनके परिचित अधिक हैं।

    हालांकि, नियुक्तियों में योग्यता और मैरिट को नजरअंदाज नहीं किया गया है, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं में इस बात की बेहद खुशी है कि उन्हें सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर समायोजित करने की प्रक्रिया चल पड़ी है।

    नए आयोग और बोर्ड गठन करने की हुई घोषणा

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 2025-26 का बजट पेश करते हुए करीब एक दर्जन नये आयोग और बोर्ड गठित करने की भी घोषणा की थी। यह आयोग और बोर्ड हरियाणा राज्य सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो से अधीन आने वाले राज्य स्तरीय पांच दर्जन से अधिक बोर्ड एवं निगमों के अतिरिक्त हैं। इन सभी पर नियुक्तियां की जानी बाकी हैं।

    पार्टी और सरकार की ओर से इन राज्य स्तरीय नियुक्तियों पर भी मोटे तौर पर होमवर्क पूरा किया जा चुका है। ऐसे लोगों को चिन्हित कर लिया गया है, जिन्हें बोर्ड, निगम और आयोग में जिम्मेदारी दी जानी है, लेकिन पार्टी पहले मार्केट कमेटियों के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के साथ विधानसभा स्तरीय सीएम विंडो के प्रतिनिधियों की लिस्ट जारी करके। उसके बाद ही बोर्ड एवं निगमों के साथ आयोगों में नियुक्तियों का नंबर आएगा।