जल विवाद भुलाकर बाढ़ प्रभावित पंजाब की मदद को आगे आया हरियाणा, भेजी 700 ट्रक राहत सामग्री
देश के विभिन्न हिस्सों में आई बाढ़ के बाद हरियाणा ने भाईचारे की मिसाल पेश की है। लंबे समय से चल रहे जल विवाद को दरकिनार करते हुए हरियाणा ने बाढ़ प्रभावित पंजाब को ₹5 करोड़ की आर्थिक सहायता भेजी है और करीब 700 ट्रक राहत सामग्री के भेजे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब सरकार को पत्र लिखकर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। संकट के समय ही अपने और पराए की पहचान होती है। देश के विभिन्न हिस्सों में आई प्राकृतिक आपदा के चलते हरियाणा के लोगों ने जिस तरह पंजाब के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद की, वह न केवल सराहनीय है, बल्कि पूरे देश के सामने भाईचारे की मिसाल बन गई है।
हरियाणा में इस बार औसत से करीब 46 प्रतिशत अधिक बरसात हुई। पहाड़ों से बाढ़ के रूप में रिस-रिसकर आए पानी ने राज्य के करीब साढ़े पांच हजार गांवों को प्रभावित किया। सैकड़ों मकान क्षतिग्रस्त हो गए। पांच लाख किसानों ने 30 लाख एकड़ फसल बर्बाद होने की सूचना राज्य सरकार के पास दर्ज कराई है। खेत अभी इस लायक नहीं हैं कि अगली फसल बोई जा सके।
हरियाणा के लोगों ने पंजाब को दिया सहारा
संकट की इस घड़ी में हरियाणा के लोगों ने स्वयं को तो संभाला ही, साथ ही बड़े भाई के रूप में पड़ोसी राज्य पंजाब के लोगों को भी सहारा देने का काम किया है। हरियाणा की इस पूरी कवायद को पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
पंजाब सरकार ने बाढ़ राहत पैकेज हासिल करने के लिए केंद्र के समक्ष जो दावा किया है, उसके मुताबिक, वहां करीब 13 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मानवीय क्षति अलग से है। केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंजाब को 1600 करोड़ रुपये का राहत पैकेज भी दिया है।
जल विवाद को लेकर चल रही थी खींचातानी
हरियाणा सरकार और राज्य के लोगों ने बाढ़ प्रभावित पंजाब के लोगों की मदद उस स्थिति में की है, जब दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से जल विवाद चला आ रहा है।
अलग हाई कोर्ट, अलग राजधानी और एसवाईएल नहर के निर्माण में पंजाब द्वारा सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अनदेखी जैसे कई ऐसे मामले हैं, जो दोनों राज्यों के बीच तकरार का कारण बने हुए हैं, लेकिन हरियाणा के लोगों ने इन सभी विवादों को पीछे छोड़कर न केवल पड़ोसी धर्म निभाया, बल्कि पंजाब के लोगों को अपने राज्य में शरण देने का काम भी किया है।
सीएम सैनी ने पांच करोड़ की आर्थिक मदद भेजी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब सरकार के बिना मांगे पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भिजवाई है। राज्य सरकार और प्रदेश के लोगों की ओर से पंजाब के विभिन्न जिलों में अभी तक करीब 700 ट्रक राहत सामग्री के भेजे जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और भाजपा पदाधिकारियों से कहा है कि वे सामाजिक संगठनों तथा प्रशासनिक अधिकारियों की मदद से पंजाब के जिलों में मदद भेजने का सिलसिला लगातार जारी रखें।
हरियाणा ने केवल पंजाब की ही मदद नहीं की, बल्कि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की सरकारों को भी पांच-पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भिजवाई है। पंजाब के लोग मेहनती और जांबाज होते हैं।
वे फिर से उठ खड़े हो रहे हैं, लेकिन जिस समय उन्हें सहारे की जरूरत थी, उस समय हरियाणा के लोगों ने उनका हाथ थामा और सारे विवादों को भुलाकर मानवता को ऊपर रखा। पंजाब की मदद करने का यह सिलसिला राज्य के हर जिले से अभी भी बना हुआ है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं हरियाणा के दौरे पर हैं। कई जिलों में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों से मिलकर न केवल उनका हालचाल जान चुके हैं, बल्कि अधिकारियों को पीड़ितों की मदद के निर्देश दे रहे हैं।
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक भाजपा का सेवा पखवाड़ा
भाजपा द्वारा पूरे देश में दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। भाजपा सरकार और संगठन ने इस पूरे सेवा पखवाड़े के दौरान बाढ़ पीड़ितों की मदद करने के साथ ही स्वच्छता मुहिम चलाने का निर्णय लिया है।
अभियान के तहत गांवों से जलभराव की स्थिति से निपटने को प्राथमिकता सूची में रखा गया है। मोटर और पंपसेट का इंतजाम किया जा रहा है, ताकि बाढ़ के पानी से थमी जिंदगी को फिर से रफ्तार दी जा सके।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखकर कहा है कि संकट की इस घड़ी में हरियाणा उनके साथ खड़ा है। पंजाब के लोगों को यदि पीने के पानी की आवश्यकता होगी तो हरियाणा अपने भूमिगत जल से भी पानी उपलब्ध करवाएगा। आज पानी की नहीं, बल्कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को सहायता की आवश्यकता है और हरियाणा सरकार हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है।
यह भी पढ़ें- बारिश का कहर, यमुनानगर में टूटी नागल ड्रेन, कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात
भाजपा ने जिलों में सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर भोजन सामग्री, कपड़े, पानी की बोतलें, दवाइयां, तिरपाल, कंबल और दैनिक उपयोग की वस्तुएं जुटाने में अहम भूमिका निभाई है। अब उन्हें योजनाबद्ध तरीके से पंजाब के बाढ़ प्रभावित जिलों में भेजा जा रहा है।
हरियाणा के राहत सामग्री से भरे ये ट्रक सिर्फ सामग्री ही नहीं लेकर जा रहे, बल्कि यह संदेश भी दे रहे हैं कि पंजाब इस समय अकेला नहीं है।
यह भी पढ़ें- Haryana Flood: 'खाली बल्ला ही चलाएंगे दीपेंद्र हुड्डा...', बाढ़ को लेकर राजनीति करने पर अनिल विज की दो टूक
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।