क्या मेडिकल खर्चा मिलता है? हरियाणा खेल मंत्री ने पूछा सवाल; खिलाड़ी के जवाब पर 15 अफसरों को नोटिस जारी
हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में खिलाड़ियों के लिए खेल सामग्री और भोजन की उचित व्यवस्था नहीं पाई गई साथ ही मेडिकल सुविधाएँ भी अपर्याप्त थीं। मंत्री ने लापरवाही बरतने वाले 15 खेल अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया और व्यवस्था को 15 दिन में दुरुस्त करने की चेतावनी दी।

जागरण संवाददाता, पंचकूला।अंतरराष्ट्रीय मानकों पर तैयार खेल स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए ना तो खेलने का सामान ठीक है और ना खाने की व्यवस्था, मेडिकल सुविधा के नाम पर केवल बेंडेज मिलती है।
यह सभी खामियां हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने वीरवार को पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम का औचक निरीक्षण में स्वयं पाई। मंत्री ने खिलाड़ियों को तय खाद्य सामग्री और खेल का सामान न उपलब्ध कराए जाने की वजह से 15 खेल अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
इसमें खेल अधिकारी व कोच भी शामिल हैं। इस मौके पर खेल मंत्री स्टेडियम ने अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। खिलाड़ियों ने मंत्री को अवगत कराया कि अधिकारी खाने की और खेल के सामान की उचित व्यवस्था नहीं कर पा रहे हैं।
आज पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया, जहां खिलाड़ियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं जानी।
— Gaurav Gautam (@GauravgGautam) July 17, 2025
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कई व्यवस्थाएं खेल नीति के मानकों के अनुरूप नहीं हैं।
इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कोच और स्टाफ पर खेल नीति के अनुसार… pic.twitter.com/L8OKwer7pq
मसाज के लिए तेल नहीं है, ब्रश नहीं, मशीनरी नहीं है। खिलाड़ियों ने बताया कि सरकार की खेल नीति बहुत ही अच्छी है, लेकिन उसके अनुरूप अधिकारी उन्हें सुविधा नहीं मुहैया करा रहे हैं। इससे उन्हें असुविधा हो रही है। मंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए भेजे गए 75 लाख रुपये वापस जा रहे हैं और यह खिलाड़ी सुविधाओं को तरस रहे हैं।
यह भी पढ़ें- एग्जाम सचिन ने पास किया, नौकरी नवीन को... चंडीगढ़ CTU कंडक्टर भर्ती में फर्जीवाड़ा, बायोमेट्रिक जांच में खुली पोल
खेल मंत्री ने अधिकारियों को दी चेतावनी
मंत्री ने खिलाड़ियों को पूछा कि क्या तुम्हें 2000 रुपये मेडिकल खर्च मिलते हैं, तो खिलाड़ियों ने कहा कि हमें पता ही नहीं है कि ऐसे कोई खर्च मिलता है। खेल मंत्री ने मौके से फोन करके अधिकारियों को चेताया कि वे 15 दिन के अंदर व्यवस्था दुरुस्त कर लें। अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ हैं। प्रदेश के खिलाड़ी ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप, एशियन व कामनवेल्थ खेलों में पदक जीतकर देश व प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। हमारे खिलाड़ी और अधिक पदक जीते, इसके लिए सरकार उन्हें ज्यादा से ज्यादा खेल सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
खिलाड़ियों को अच्छी खुराक व उचित खेल के संसाधन मिलेंगे तो उनका प्रदर्शन भी अच्छा होगा। खेल मंत्री ने कोचों को चेताया कि वे अपनी कार्यशैली में सुधार करें और समय पर खिलाड़ियों को अभ्यास कराएं। अच्छा काम करने वाले कोचों को प्रोत्साहित किया जाएगा और लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।