'नारी शक्ति वंदन' विधेयक की साक्षी बनेंगी हरियाणा-राजस्थान की 4 हजार महिलाएं, देखेंगी संसद की कार्यवाही
Nari Shakti Vandan Bill हरियाणा से नई दिल्ली में यह महिलाएं सीधे संबंधित मंत्रियों व सांसदों के सरकारी आवास पर पहुंचेंगी। वहां महिलाओं के लिए नाश्ते क ...और पढ़ें

चंडीगढ़, अनुराग अग्रवाल। Women Reservation Bill केंद्र की मोदी सरकार द्वारा 'नारी शक्ति वंदन' विधेयक के लोकसभा में पारित होने के बाद बृहस्पतिवार को इसके राज्यसभा में पास होने की संभावना है। लोकसभा के बाद राज्यसभा में जिस समय इस विधेयक पर चर्चा हो रही होगी, उस दौरान हरियाणा और राजस्थान की चार हजार महिलाएं इस विधेयक पर चर्चा होने व इसके पास होने की साक्षी बनेंगी। भाजपा ने दोनों राज्यों से दो-दो हजार महिलाओं के लिए संसद की कार्यवाही देखने का प्रबंधन किया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल एक दिन पहले ही दिल्ली पहुंच गए हैं, जबकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ इन महिलाओं के साथ दिल्ली पहुंच रहे हैं। भाजपा प्रभारी बिप्लब कुमार देब चूंकि राज्यसभा सदस्य भी हैं, इसलिए वह पहले से संसद में होंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने हरियाणा से करीब दो हजार महिलाओं को दिल्ली ले जाने के लिए सभी जिलाध्यक्षों को व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
100-100 के बैच में दिल्ली आएंगी महिलाएं
महिला मोर्चा की पदाधिकारियों से भी कहा गया है कि वे जिलाध्यक्षों के साथ मिलकर हर जिले से 100-100 महिलाओं को संसद लेकर जाने की योजना पर तेजी से काम करें। दोनों केंद्रीय मंत्रियों राव इंद्रजीत सिंह और कृष्णपाल गुर्जर के अलावा कई सांसदों की भी इस कार्य के लिए ड्यूटी लगाई गई है। हरियाणा से नई दिल्ली में यह महिलाएं सीधे संबंधित मंत्रियों व सांसदों के सरकारी आवास पर पहुंचेंगी। वहां महिलाओं के लिए नाश्ते का प्रबंध मंत्रियों व सांसदों द्वारा किया गया है।
इसके बाद यह महिलाएं गाड़ियों में सवार होकर नए संसद भवन पहुंचेंगी और वहां सदन की कार्यवाही देखेंगी। उत्तर प्रदेश की महिलाओं ने बुधवार को नए भवन में सदन की कार्यवाही देखी तो नई दिल्ली की महिलाओं को मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही दिखाई जा चुकी है।
ये भी पढ़ें- महिला आरक्षण बिल के लिए ओपी धनखड़ ने जताया PM Modi का आभार, पंजाबी फिल्म 'गोडे-गोडे चा' का जिक्र कर कही ये बात
मोदी सरकार लाई महिला आरक्षण बिल
केंद्र की मोदी सरकार ने लोकसभा व विधानसभा चुनावों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया है। हालांकि, यह फैसला नया परिसीमन आने के बाद ही लागू होगा। इस लिहाज से 2024 की बजाय 2029 के लोकसभा चुनाव में ही महिलाओं को इस आरक्षण का लाभ मिल पाएगा।
भाजपा केंद्र सरकार के इस फैसले को ऐतिहासिक बता रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने महिलाओं को दिल्ली लेकर जाने का कार्यक्रम बनाया है, ताकि महिलाएं इन ऐतिहासिक पलों को अपने में संजो सकें। वर्तमान में राज्य में लोकसभा की 10 सीटों में से सुनीता दुग्गल (सिरसा) अकेली महिला सांसद हैं।
दिल्ली के इस आयोजन में भाजपा की महिला विधायकों कमलेश ढांडा, सीमा त्रिखा, निर्मल रानी के अलावा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, बोर्ड-निगमों में नियुक्त चेयरपर्सन के अलावा शहरों व गांवों की महिला जनप्रतिनिधियों को भी दिल्ली आमंत्रित किया गया है।
छात्राओं के अलावा सामान्य घरों की महिलाओं, सामाजिक व महिला संगठनों से जुड़ी महिलाओं के साथ महिला स्वयंसेवक संघों से जुड़ी महिलाओं को दिल्ली में सदन की कार्यवाही दिखाने का फैसला भाजपा ने लिया है।
सभी महिलाएं बनेंगी ऐतिहासिक पलों की साक्षी
हरियाणा से दो हजार महिलाएं बृहस्पतिवार को दिल्ली जाएंगी। हमारे राज्य की नारी शक्ति केंद्र की मोदी सरकार द्वारा पास किए गए महिला आरक्षण विधेयक की साक्षी बनेंगी। सभी जिलों से 100-100 महिलाएं बुलाई हैं। इनमें जनप्रतिनिधि के अलावा छात्राएं, सामाजिक वर्कर और विभिन्न संगठनों से जुड़ी महिलाएं भी शामिल होंगी। अब यब बिल राज्यसभा में पास होगा। ये सभी महिलाएं इस ऐतिहासिक घटना को अपने आंखों से देखेंगी। संसद की कार्यवाही देखकर बहुत कुछ जानेंगी और समझेंगी। - ओमप्रकाश धनखड़, प्रदेश अध्यक्ष, हरियाणा भाजपा
ये भी पढ़ें- Haryana News: BJP सांसद सुनीता दुग्गल ने महिला आरक्षण बिल को लेकर पीएम मोदी की सराहना की, कही ये बातें

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।